भिवानी में खरक कलां के पास शुक्रवार शाम करीब छह बजे एक कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान गांव सैंपल निवासी 42 वर्षीय अर्जुन और 18 वर्षीय सोमबीर के रूप में हुई है। वहीं 20 वर्षीय सागर गंभीर रूप से घायल हो गया है। इस बारे में सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया और शनिवार सुबह पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने इस संबंध में परिजन के बयान पर आरोपी कार चालक पर विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। परिजनों ने बताया कि अर्जुन, सोमबीर और सागर मजदूरी करते थे। सिरसा घोघडा से वे अपने गांव सैंपल आ रहे थे। इसी दौरान कार ने उनके बाइक को टक्कर मार दी।