भिवानी। मेडिकल सेवाओं को छोड़कर अब बाजार सुबह नौ से शाम 6 बजे तक ही खुलेंगे। सब्जी मंडी भी सुबह पांच बजे से 11 बजे तक ही खुलेगी। हालांकि सुबह जिला प्रशासनिक अधिकारियों और व्यापारिक संगठनों की बैठक में दुकानों को खोलने का समय शाम पांच बजे तक तय किया गया था। लेकिन देर शाम उपायुक्त ने पत्र जारी कर इसे पलटते हुए दुकानों को शाम 6 बजे तक खोलने का आदेश दे दिया। इस दौरान सिर्फ मेडिकल संबंधित व दूध आदि जरूरी सेवाएं जारी रहेंगी। कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए जिला प्रशासनिक अधिकारियों और व्यापारिक संगठनों ने यह फैसला लिया है। मगर कुछ व्यापारिक संगठनों ने इसका विरोध भी शुरू कर दिया है। कुछ व्यापारियों ने घंटाघर चौक पर एकत्रित होकर नारेबाजी कर रोष जताया।
वीरवार को लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में विभिन्न व्यापारिक संगठनों की बैठक अतिरिक्त उपायुक्त राहुल नरवाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में एसडीएम महेश कुमार, उप पुलिस अधीक्षक विरेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।
बैठक में एडीसी ने कहा कि व्यापारिक संगठनों से बाजार के खोलने के समय के बारे में पूछा, जिस पर व्यापारिक प्रतिनिधियों से सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक बाजार खोले जाने पर अपनी सहमति प्रकट की। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि 23 अप्रैल से बाजार सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक ही खुलेगा। सिर्फ मेडिकल से संबंधित दुकानें/मेडिकल स्टोर/नर्सिंग होम खुले रहेंगे और दूध आदि की आपूर्ति दी जा सकेगी। शेष सभी दुकानें पांच बजे के बाद बंद रहेंगी। उन्होंने बताया कि शहर में गली-मोहल्लों की दुकानें भी शाम पांच बजे के बाद बंद रहेंगी। अधिकारियों ने व्यापारिक प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि बाजार में दुकानों पर मास्क व सैनिटाइजर रखें। बैठक में नगर व्यापार मंडल प्रधान भानू प्रकाश, गिरधारी लाल, प्रेम धमीजा, आशीष अंचल, अमित बंसल, हरीश ठुकराल, प्रवीण नारंग व राजकुमार यादव आदि मौजूद रहे।
सब्जी मंडी सुबह पांच से 11 बजे तक खुलेगा
एसडीएम महेश कुमार ने बताया कि सब्जी मंडी खुलने का समय सुबह पांच बजे से 11 बजे तक निर्धारित किया गया है। इसके अलावा सब्जी मंडी में आमजन को सब्जी नहीं दी जाएगी, केवल रेहड़ी व रिक्शा चालक सब्जी लेकर जाएंगे। रेहड़ी व रिक्शा-चालकों को सब्जी दी जाएगी और फिर वे उनको दिए गए क्षेत्र के हिसाब से गली-मोहल्लों में सब्जी बेच सकेंगे। यह निर्णय इसलिए गया है कि सब्जी मंडी में लोगों की भीड़ न लगे, जिससे कोरोना संक्रमण के खतरा कम हो। सब्जी मंडी का अधिकतम समय 12 बजे का रहेगा, इसके बाद सामान की बिक्री करने पर प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जाएगी। सब्जी व फलों के भी रेट निर्धारित किए जाएंगे और बिक्री करने वालों के पास रेट सूची होगी। निर्धारित रेट से अधिक पैसे नहीं वसूलने दिए जाएंगे।
गारमेंट शोरूम में ट्रायल रूम खोलने की अनुमति नहीं
वहीं गारमेंट स्टोर में ट्रायल रूम खोलने की अनुमति नहीं होगी। व्यापारिक प्रतिनिधियों ने अधिकारियों को बताया कि अक्सर ट्रायल रूम में ग्राहकों का आना-जाना होता है, जिससे कोरोना संक्रमण का खतरा बना रहता है।
सब्जी विक्रेताओं को जारी किए जाएंगे पहचान-पत्र
एसडीएम महेश कुमार की अध्यक्षता में वीरवार को उनके कार्यालय में मार्केट कमेटी अधिकारियों व सब्जी मंडी एसोसिएशन प्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक में एसडीएम ने निर्देश दिए कि सब्जी मंडी केवल निर्धारित समय के अनुरूप सुबह पांच बजे से 11 बजे तक ही खुलेगी। जिला प्रशासन द्वारा अधिकारियों की टीमों का गठन किया गया है, जो सब्जी मंडी का निरंतर निरीक्षण करेगी। किसी भी दुकानदार को कालाबाजारी नहीं करने दी जाएगी। मार्केट कमेटी के माध्यम से प्रशासन द्वारा सब्जी बिक्री करने वाले रेहड़ी संचालकों व रिक्शा चालकों को आईकार्ड जारी किए जाएंगे। सब्जी व फलों के बाकायदा रेट निर्धारित होंगे और उससे अधिक दाम पर बिक्री करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मार्केट कमेटी सचिव ज्योति धनखड़ ने बताया कि सब्जी मंडी में कोविड के नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए भी अधिकारियों की टीमों का गठन किया गया है, जो निरंतर निगरानी करेगी।
विरोध में व्यापारियों ने की नारेबाजी
कोरोना महामारी के प्रकोप के चलते बाजारों का समय निर्धारित करने पर कुछ व्यापारिक संगठनों ने विरोध किया। भिवानी व्यापार मंडल व हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल ने फैसले का विरोध करते हुए घंटाघर चौक पर नारेबाजी की। भिवानी व्यापार मंडल व हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रधान जेपी कौशिक व विजय टेनी ने कहा जिला प्रशासन ने एक व्यापार संगठन के साथ बैठक कर समय तय कर दिया, जो कि गलत है। जिला प्रशासन की ओर से सभी व्यापारी संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की जानी चाहिए थी, फिर संयुक्त रूप से फैसला लेना चाहिए था। भिवानी व्यापार मंडल के प्रधान जेपी कौशिक ने कहा कि व्यापारी पहले ही मंदी की मार झेल रहा है। उन्होंने मांग की कि समय सुबह 9 से शाम 7 बजे तक किया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि पहले ही बिजली के बिल दुकानदारों से नहीं भरे जा रहे तो ऐसे में दुकानदार एडवांस सिक्योरिटी कहां से भरें। बिजली के एडवांस सिक्योरिटी के नाम पर दुकानदार व व्यापारी वर्ग को न लूटा जाए। इस मौके पर डॉ. राजकुमार नागर, आनंद सांगवान, अंकुर कौशिक, राम अवतार, प्रवीण नारंग, उमेश शर्मा, हरीश, बादल, सिकंदर शंकर, पाले, सुमित, राजेश, सन्नी, दिनेश, मोनू, सिद्धू विकास, पाल चौहान, राकेश, कालू, सुमन, वीर, अशोक आदि मौजूद रहे।