भिवानी। भिवानी सीआईए द्वितीय की टीम ने अंतरराज्यीय बैटरी चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के मुख्य सरगना सहित उसके दो गुर्गों को काबू किया है। जिसके बाद 16 वारदात का खुलासा हुआ है। ये गिरोह भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, झज्जर जिले के साथ राजस्थान में भी 2014 से सक्रिय रहते हुए लगातार चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे थे। गिरोह का मास्टर माइंड अब तक 26 चोरी की वारदातों में जेल जा चुका है। वहीं दो एटीएम से भी 29 लाख रुपये की लूट की वारदात सुलझ गई हैं। सीआईए की टीम ने आरोपियों से मोबाइल टावर से चोरी की गई 14 बैटरी, एक एसी, दस हजार रुपये की नकदी व वारदात में इस्तेमाल किया गया एक पिकअप डाला बरामद किया है।
डीएसपी हेडक्वार्टर वीरेंद्र सिंह ने अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा करते हुए बताया कि भिवानी सीआईए टीम के इंस्पेक्टर श्रीभगवान यादव की टीम ने ऑटो मार्केट में चोरी की गाड़ी को ठीक कराते समय तीन आरोपियों को काबू किया। जिनकी पहचान चरखी दादरी जिले के गांव कादमा निवासी बलजीत, सुनील व मोहम्मद के रूप में हुई है। डीएसपी ने बताया कि गिरोह का मास्टर माइंड बलजीत है। 2014 से ही गिरोह सक्रिय रहते हुए लगातार चोरी की वारदात करता आ रहा है। महेंद्रगढ़ में 2014 में बलजीत ने अपने साथियों के साथ मिलकर दो एटीएम से 29 लाख रुपये लूटे थे। 2014 से अब तक बलजीत पर विभिन्न जिलों में चोरी के 21 केस दर्ज हैं, जिनमें वो जेल भी जा चुका है। आरोपी सुनील भी बलजीत के साथ बैटरी चोरी की चार वारदात में शामिल रहा है। जबकि तीसरा आरोपी मोहम्मद बैटरी चोरी करने व हवाई फायर करने के मामले में आरोपी है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने मोबाइल टावरों से बैटरी चोरी की 16 वारदात कुबूली हैं।
गिरोह में हैं पांच गुर्गे, दो आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
डीएसपी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि गिरोह में पांच गुर्गे शामिल रहे हैं। इनमें सरगना सहित तीन आरोपी पकड़े जा चुके हैं, जबकि गिरोह के दो गुर्गे अभी फरार हैं। जिनकी तलाश में पुलिस जुटी है। उन्हें जल्द ही काबू कर लिया जाएगा।
चोरी का सामान खरीदने वालों पर भी होगी कार्रवाई
गिरोह के सदस्य व्यापक स्तर पर मोबाइल टावरों से बैटरी चोरी कर उन्हें कबाड़ियों व अन्य लोगों को बेच देते थे, जिनकी तलाश भी पुलिस कर रही है। चोरी का सामान खरीद करने वालों पर भी पुलिस कार्रवाई करेगी और चोरी की गई या बेची जा चुकी चोरी की बैटरी भी बरामद की जाएंगी।
इन वारदात का हुआ खुलासा
1. जनवरी 2021 में कोंट रोड भिवानी से मोबाइल टावर से बैटरी चोरी।
2. दिसंबर 2020 में गांव अलखपुरा में मोबाइल टावर से बैटरी चोरी।
3. दिसंबर 2020 में बवानीखेड़ा में सुंदर नहर के पास मोबाइल टावर से बैटरी चोरी।
4. जनवरी 2021 में गांव किरावड में मोबाइल टावर से बैटरी चोरी।
5. फरवरी 2021 में गांव बीरन से मोबाइल टावर से बैटरी चोरी।
6. जनवरी 2021 में सिवानी क्षेत्र में कारगिल कॉलोनी में मोबाइल टावर से बैटरी चोरी।
7. जनवरी 2021 में सिवानी क्षेत्र में गांव गढ़वा में मोबाइल टावर से बैटरी चोरी।
8. दिसंबर 2020 में सिवानी क्षेत्र में मोबाइल टावर से बैटरी चोरी।
9. जनवरी 2021 में गांव बडाला में मोबाइल टावर से बैटरी चोरी।
10. अप्रैल 2021 में गांव मांडोला जेरपुर थाना सतनाली जिला महेंद्रगढ़ में स्थित मोबाइल टावर से बैटरी चोरी।
11. अप्रैल 2021 में गांव राठीवास थाना सतनाली जिला महेंद्रगढ़ में मोबाइल टावर से बैटरी चोरी।
12. सितंबर 2019 में गांव निंमबी जिला महेंद्रगढ़ में मोबाइल टावर से बैटरी चोरी।
13. जुलाई 2019 में गांव गोद जिला महेंद्रगढ़ में मोबाइल टावर से बैटरी चोरी।
14. सितंबर 2019 में गांव बधवाना जिला चरखी दादरी में स्थित मोबाइल टावर से बैटरी चोरी।
15. 2021 में गांव बहु झोलरी जिला झज्जर में स्थित मोबाइल टावर से बैटरी चोरी।
16. जनवरी 2021 में गांव बाघोत जिला महेंद्रगढ़ में स्थित मोबाइल टावर से बैटरी चोरी।