भिवानी। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ट्रस्ट की ओर से ग्राम पालुवास में सामाजिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में समाज की मजबूती के लिए आपसी भाईचारा और एकजुटता को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। साथ ही युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने और शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कार व रोजगार के क्षेत्र में काम करने पर मंथन हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला संरक्षक डॉ. महेंद्र सिंह चौहान ने की। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ट्रस्ट के राष्ट्रीय संगठन मंत्री नेत्रपाल तंवर भिवानी मुख्य अतिथि रहे। बैठक की रूपरेखा प्रदेश संगठन मंत्री राजकुमार तंवर ने तैयार की। कार्यक्रम की शुरुआत में जिला सचिव आकाश तंवर सहित अन्य पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि नेत्रपाल तंवर का पगड़ी और माला पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद राष्ट्रीय संगठन मंत्री ने उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को पटका व माला पहनाकर सम्मानित किया।
युवाओं को शिक्षा और सेवा कार्यों से जोड़ने का आह्वान
सभा को संबोधित करते हुए नेत्रपाल तंवर ने कहा कि आने वाले समय में समाज की सबसे पहली प्राथमिकता आपसी भाईचारा और एकजुटता होनी चाहिए। केवल संगठन का विस्तार करना पर्याप्त नहीं है। शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कार और रोजगार जैसे जमीनी मुद्दों पर निरंतर काम करने की जरूरत है। समाज की वास्तविक स्थिति को समझने के लिए सही संख्या बल की जानकारी भी जरूरी है। इससे वर्तमान समस्याओं की पहचान कर भविष्य के लिए ठोस योजनाएं बनाई जा सकेंगी।
जिला सचिव आकाश तंवर ने कहा कि युवा शक्ति समाज की रीढ़ है। युवाओं को शिक्षा, संगठन और सेवा कार्यों में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए। जिला संरक्षक डॉ. महेंद्र सिंह चौहान ने युवाओं से नशे जैसी कुरीतियों से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और संस्कारित युवा ही सशक्त समाज की नींव रख सकता है।
महंत महावीर महाराज को किया सम्मानित
बैठक में विशेष रूप से पहुंचे महंत महावीर महाराज धुनी वाला बाबा डेरा का सम्मान किया गया। उपस्थित लोगों ने उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। क्षेत्र के वरिष्ठ बुजुर्गों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उदयवीर सिंह तंवर, बिजेंद्र तंवर, संजय चौहान, नितेश तंवर, जितेंद्र, प्रदीप, संदीप और मोहित मौजूद रहे।