बोर्ड अध्यक्ष डॉ. वीपी यादव अंकन केंद्र राजकिय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कादिपुर (गुरूग्राम) पर
भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से संचालित सीनियर सेकेंडरी की वार्षिक परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं के अंकन का कार्य प्रदेशभर में सुव्यवस्थित एवं सुचारु रूप से चल रहा है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. वीपी यादव के उड़नदस्ते ने गुरुग्राम के अंकन केंद्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कादिपुर एवं राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पटौदी का निरीक्षण किया।
उन्होंने अंकन केंद्रों पर अंकन कार्य से संबंधित सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। किसी भी केंद्र पर किसी भी प्रकार की खामी नहीं पाई गई। बोर्ड अध्यक्ष ने सभी परीक्षकों को अंकन संबंधी कार्य के लिए आवश्यक दिशा-निर्देंश दिए। उन्होंने बताया कि प्रत्येक अंकन केंद्र पर एक-एक अधिकारी स्तर का ऑब्जर्वर पूरे समय के लिए नियुक्त किया हुआ है, जो अंकन कार्य की रिपोर्ट प्रतिदिन बोर्ड मुख्यालय पर स्थापित कंट्रोल रूम को भेज रहा है। इसके अतिरिक्त बोर्ड अधिकारियों की अन्य टीमों द्वारा भी अंकन केंद्रों का निरीक्षण किया गया, जहां अंकन कार्य सुव्यवस्थित व सुचारू रूप से चल रहा था।