भिवानी। जिले में ब्लैक फंगस ने पांव पसार लिए हैं। सोमवार को ब्लैक फंगस के तीन नए केस सामने आए हैं। जिसके बाद ब्लैक फंगस का आंकड़ा 23 पहुंच गया है। सभी को उपचार के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में दाखिल करवाया गया है। इनमें से दो मरीजों की मौत हो चुकी है।
सोमवार को जिला स्वास्थ्य विभाग को स्वास्थ्य महानिदेशालय से जिले में तीन नए केस सामनेे आने की सूचना प्राप्त हुई है। तीनों मरीजों को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में दाखिल करवाया है। वहीं स्वास्थ्य विभाग मरीजों की पूरी जानकारी के जुटाने में लगा हुआ है। जिले में ब्लैक फंगस ने भी कोरोना की तरह ग्रामीण क्षेत्र को प्रभावित किया है। ब्लैक फंगस के सबसे अधिक केस ग्रामीण क्षेत्र से हैं। जिनमें गांव लीलस से दो, खरक से दो, मुंढ़ाल से एक बीरण से एक, पुर से एक, धनाना से एक, बड़सी से एक, मिताथल से एक, राजपुरा खरकड़ी से एक, गुरेरा से एक, बलियाली से एक और इसके अलावा तीन केस मिले हैं, जिनके गांव की जानकारी नहीं मिली है।
अब किसी भी मेडिकल कॉलेज में रेफर हो सकते हैं मरीज
स्वास्थ्य महानिदेशालय से शुरुआत में गाइडलाइन आई थी कि भिवानी जिले से ब्लैक फंगस के केस को सिर्फ अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में ही रेफर किया जाएगा। अब नई गाइडलाइन के अनुसार जिला स्वास्थ्य विभाग मरीज को किसी भी मेडिकल कॉलेज में रेफर कर सकता है। जिसके तहत जिले के नजदीक पीजीआई रोहतक और अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में मरीज रेफर किए जाएंगे।
वर्जन-
स्वास्थ्य महानिदेशालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में ब्लैक फंगस के तीन नए मामले सामने आए हैं, जोकि अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में उपचाराधीन हैं। इस संबंध में मरीज के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है, ताकि इससे संबंधित पूरी जानकारी मिले सके। नई गाइडलाइन के अनुसार अब मरीज को अन्य मेडिकल कॉलेज और पीजीआई में भी रेफर कर सकते हैं।
- डॉ. सपना गहलावत, सिविल सर्जन।