कुसुंभी मोड़ के समीप बाइक से घर लौट रहे एक युवक के साथ तीन बदमाशों ने बाइक, मोबाइल व पर्स छीनने की वारदात कर दी। आरोपियों ने उसके सिर में भी चोट पहुंचाई और उसके साथ वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। पीड़ित को इलाज के लिए अस्पताल में जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार दिया वहीं जुईकलां पुलिस ने इस संबंध में तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ स्नेचिंग का केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव कुसुंभी निवासी 29 वर्षीय जितेंद्र ने बताया कि वह सिलाई का काम करता है। गत तीन जुलाई की रात करीब दस बजे वह अपनी बाइक से घर जा रहा था। जब वह गांव मालवास के समीप पहुंचा तो रास्ते में उसकी ससुराल से फोन आ गया। वह बाइक रोककर साइड में फोन सुनने लगा। इसी दौरान तीन युवक उसके पास आए और एक युवक ने पीछे से उसकी गर्दन को दबा दिया और दूसरे लड़के ने हथियारनुमा चीज से उसके सिर में चोट मारी। जबकि तीसरा युवक उसकी बाइक को छीनने लगा। आरोपियों ने जबरन उसकी जेब से पर्स और मोबाइल फोन भी छीन लिया। पर्स के अंदर 1720 रुपये थे। आरोपियों ने उसे चिल्लाने पर जान से मारने की धमकी दी और फिर तीनों उसकी बाइक लेकर फरार हो गए। उसने किसी राहगीर का फोन लेकर परिजनों से बात की, जिसके बाद इलाज के लिए उसे अस्पताल ले जाया गया। जुईकलां पुलिस थाना एसएचओ सतपाल ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात तीन युवकों के खिलाफ स्नेचिंग की धाराओं सहित केस दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।