भिवानी। गांव उमरावत से सांगा मार्ग के बीच बनी पुलिया पर अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले शहर के प्राइवेट अस्पताल लाया गया, जहां से उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। पीजीआई में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सड़क हादसे की जानकारी पुलिस को दी।
सदर पुलिस को दिए बयान में गांव बड़ाला निवासी सोमपाल ने बताया कि वे चार भाई हैं। सबसे बड़ा वह खुद है और उसके बाद दीपक, नवीन और सबसे छोटा राजेश है। उसका भाई नवीन सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे अपनी बाइक रिपेयरिंग की दुकान से बाइक लेकर गांव बडाला आ रहा था। वह गांव उमरावत से गांव सांगा रोड के बीच बनी पुलिया पर पहुंचा तो अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में उसके भाई नवीन को गंभीर चोटें आईं। उसे शहर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। उसके भाई नवीन ने पीजीआई में उपचार के दौरान देर रात को दम तोड़ दिया। सदर थाना पुलिस के जांच अधिकारी ने शव का पोस्टमार्टम कराया। वहीं मृतक के भाई सोमपाल की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।