भिवानी। एक युवक के साथ छीनाझपटी करने का मामला संज्ञान में आया है। पहले बाइक चालक ने लिफ्ट दिया और ताेशाम मार्ग पर आश्रम के समीप राहगीर को लूटा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव बापोड़ा निवासी हिमांशु ने बताया कि वह रोहतक में एआईएसआईएन कंपनी में प्राइवेट नौकरी करता है। एक जून की रात को रोहतक से भिवानी आया था। करीब एक बजकर तीस मिनट पर बापोड़ा जाने के लिए तोशाम रोड नजदीक वैश्य कॉलेज चौक के पास साधन का इंतजार कर रहा था। उसके पास चार-पांच और सवारियां भी खड़ी थी। उसी समय दो लड़के एक बाइक से आए और उसे कहने लगे कि भाई आप कहां जाओगे। उसने उनसे कहा कि वह गांव बापोड़ा जाएगा। उन्होंने उसे कहा कि वे भी गांव बीरण जा रहे हैं वो उनके साथ चले तो उसे वे गांव बापोड़ा उतार देंगे। वह उनके साथ बाइक पर बैठकर चल दिया। जब तोशाम रोड आश्रम के पास पहुंचे तो उन्होंने शौच का बहाना बना बाइक को रोक लिया। दोनों लड़के उसे कहने लगे कि उसके पास जो भी सामान है वह निकाल कर उन्हें दे दो। उसने जब उन्हें मना किया तो उन्होंने उसके साथ मारपीट की और एक युवक ने उसकी गर्दन पर चाकू लगा दिया। उन्होंने उसका पर्स जिसमें करीब 1200 रुपये थे, उसका मोबाइल फोन व चार्जर, एटीएम कार्ड, एआईएसआईएन कंपनी आई कार्ड को छीन कर तोशाम की तरफ बाइक पर फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार के पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।