हादसे में मृतक सोमबीर की सवा साल पहले शादी हुई थी। उसकी पत्नी पांच महीने की गर्भवती है। हादसा वीरवार रात और शुक्रवार अल सुबह करीब 3 बजे का है। वीरवार को सोमबीर और मैनपाल बाइक पर सवार होकर किसी परिचित के यहां शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। शादी समारोह से वापस लौटते समय जब वे भिवानी के बावड़ी गेट पर पहुंचे तो बाइक बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। जिसके चलते दोनों बाइक से काफी दूर जा गिरे और बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।
मृतक के पिता जोगेंद्र ने बताया कि उसके 4 बच्चे हैं, जिनमें 3 बेटे और एक बेटी है। तीसरे नंबर का सोमबीर था। सोमबीर सेक्टर 13 में हेयर ड्रेसर का काम करता था। उसकी शादी करीब सवा साल पहले हुई थी। सोमबीर की पत्नी 4-5 महीने की गर्भवती है। सोमबीर के घर पर जल्दी ही खुशियां आनी थी, लेकिन इससे पहले एक्सीडेंट में उसकी मौत हो गई। वहीं मैनपाल अभी अविवाहित था। वह मजदूरी करता था। सोमबीर के रिश्तेदार सुरेश ने कहा कि दोनों परिवार गरीब है।
बावड़ी गेट पर सड़क हादसे की सूचना मिली थी। जिस पर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने सोमबीर के शव का भिवानी नागरिक अस्पताल और मैनपाल के शव का रोहतक पीजीआई में पोस्टमार्टम कराया है। मृतक सोमबीर के भाई दीपक के बयान पर शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर इस संबंध में इत्तेफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की है। -एएसआई नरेश कुमार जैन पुलिस चौकी भिवानी।