हरियाणा के भिवानी के जूई कलां क्षेत्र के गांव की विभिन्न समस्याओं पर चर्चाओं करने के लिए गांव लोहानी में पंचायत हुई। पंचायत में पेयजल की समस्या मुख्य बिंदु रही। पंचायत में पेयजल समस्या से परेशान ग्रामीणों ने कठोर निर्णय लेते हुए लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करने का प्रस्ताव पारित किया।
पंचायत फैसले के बारे में सरपंच अशोक ने बताया गांव में पिछले 20 वर्षों से कोई भी नये जलघर का निर्माण नहीं होने से वर्तमान में गांव में पेयजल समस्या बहुत विकराल रूप लेती जा रही है। हालात इतने गंभीर है कि सर्दी के मौसम में भी पेयजल आपूर्ति बाधित रहती है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है, मई और जून माह की गर्मी में हालात किस कदर दयनीय होंगे।
इस समस्या बारे जनप्रतिनिधियों को कई बार अवगत करवाने के बावजूद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री द्वारा नए जलघर हेतु स्वीकृति भी प्रदान की जा चुकी है। इसके बावजूद भी ग्रामीण पेयजल को तरस रहे हैं। इसीलिए लोहानी ग्राम पंचायत ने लोकसभा चुनाव के बहिष्कार का फैसला लिया है। सरपंच ने बताया कि नंदगांव, सारंगपुर, आसलवास पेयजल के लिए लोहानी गांव पर ही निर्भर है।