कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते पिछले करीब नौ माह से बंद स्थानीय चिड़ियाघर का शुक्रवार को वन्य प्राणी विभाग की टीम ने निरीक्षण किया। टीम ने निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत से इंकार कर दिया। चर्चाएं है कि मगरमच्छों की संख्या कम होने से संबंधित शिकायत की जांच के लिए टीम आई थी। हालांकि स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि ऐसी कोई बात नहीं है और यह अधिकारियों का रूटीन निरीक्षण था।
शुक्रवार दोपहर के समय वन्य प्राणी विभाग के अधिकारियों की टीम ने चिड़ियाघर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम के सदस्य सभी जानवरों, पक्षियों के बाड़े के पास गए। खासकर हाल ही में नए आए शेरों को देखा। टीम दोपहर बाद यहां से रवाना हुई। इस दौरान किसी को भी चिड़ियाघर में प्रवेश नहीं करने दिया गया। निरीक्षण के लिए आई विशेष टीम ने मीडिया से बात करने से इंकार कर दिया। स्थानीय अधिकारियों ने कहा कि कोरोना संक्रमण के चलते जू अथॉरिटी ने चिड़ियाघर अभी बंद ही रखने के निर्देश दिए हैं। किसी को भी चिड़ियाघर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी है। यह अधिकारियों की टीम का रुटीन निरीक्षण था। मगर चर्चाएं है कि मगरमच्छों की संख्या को लेकर कोई शिकायत है, जिसकी जांच के लिए अधिकारियों की टीम ने निरीक्षण किया है।
यह अधिकारियों का रुटीन का निरीक्षण था। कोई शिकायत या जांच नहीं है। किसी चिड़ियाघर में पहले बाघ कोरोना संक्रमित मिला है, जिस कारण सुरक्षा की दृष्टि से अभी चिड़ियाघर बंद ही रखा जा रहा है।
- जयभगवान शर्मा, इंस्पेक्टर, चिड़ियाघर, भिवानी।