भिवानी के गांव जाटू लोहारी में बीते रविवार को संदिग्ध हालात में गायब 12 साल की लड़की का शव मंगलवार को गांव के तालाब से मिला। बच्ची का शव पोस्टमार्टम के लिए पहले जिला अस्पताल और फिर बाद में पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। बच्ची के साथ क्या अनहोनी हुई, यह पोस्टमार्टम के बाद ही साफ हो पाएगा।
मंगलवार सुबह जाटू लोहारी गांव स्थित शिवमंदिर के पीछे तालाब में शव दिखाई देने के बाद पुलिस को बुलाया गया। शव को तालाब से बाहर निकाला तो शव की पहचान बेबी के रूप में हुई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेेकर पोस्टमार्टम के लिए भिवानी के सामान्य अस्पताल में भेज दिया। लड़की के पिता विजय कुमार ने बताया कि उसकी 12 वर्षीय लड़की बेबी मंदबुद्वि थी। उसे कई बार दौरे भी आते थे। रविवार को सुबह अचानक वह कहीं गायब हो गई। परिजनों ने बेबी की बहुत तलाश की। सोमवार को थाना बवानीखेड़ा में सूचना दी गई। पुलिस जांच अधिकारी एएसआई जोगेन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस को सोमवार को बेबी के गायब होने की सूचना परिजनों ने दी थी। मंगलवार सुबह सुचना मिली की लोहारी जाटू गांव में बेबी का शव तालाब में तैर रहा है। लड़की के पिता विजय कुमार की शिकायत पर इतफाकिया मौत का मामला दर्ज किया गया है।