बहल के ओबरा गांव में किसी शादी समारोह या अन्य कार्यक्रम में अब डीजे नहीं बजेगा। ग्राम सभा की बैठक में उपस्थित पंचायत सदस्यों एवं ग्रामीणों ने एकमत से इस प्रस्ताव को पास कर दिया। बैठक में यह भी निर्णय लिया कि पंचायत के फैसले के खिलाफ जाने वाले व्यक्ति से 11 हजार रुपये जुर्माना वसूला जाएगा। फैसले पर फाइनल मुहर लगाने के लिए प्रस्ताव को जिला उपायुक्त के पास भेजा जाएगा।
गांव के ग्रामीण विकास केन्द्र में जुटे पंचायत सदस्यों एवं ग्रामीणों ने इस बात पर विचार विमर्श किया कि तेज आवाज में बजने वाला डीजे न केवल स्वास्थ्य के लिहाज से नुकसानदायक है वरन यह एक अशोभनीय प्रदर्शन है। इस बात पर पंचायत सदस्यों एवं ग्रामीणों ने अपनी सहमति जताई। पंचायत की तरफ से इस संबंध में एक प्रस्ताव तैयार किया गया। प्रस्ताव में यह प्रावधान रखा गया कि जिसने भी नियम का उल्लंघन किया तो उससे 11 हजार रुपये जुर्माना वसूला जाएगा। पंचायत सचिव रमेश कुमार ने बताया कि पंचायत ने गांव में डीजे बजाने पर पाबंदी को लेकर एक प्रस्ताव तैयार किया है। इस फैसले की अनुमति के लिए इसे जिला उपायुक्त को भेजा जाएगा। इस अवसर पर सरपंच हवा सिंह, अमर सिंह, राजेश पंच, रामचंद्र फौजी, नत्थूराम नंबरदार, धर्मपाल चौकीदार, सोमबीर आदि मौजूद रहे।