चरखी दादरी के हुडा सेक्टर-8 में जाट आरक्षण संघर्ष समिति का धरना सातवें दिन भी जारी रहा। धरने पर बैठे लोग प्रशासन से माइक लगाने की अनुमति मांगते नजर आए। धरने में महिलाएं भी स्वयं ट्रैक्टर चलाकर आती नजर आईं। आंदोलनकारियों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर प्रशासन ने भी सीआरपीएफ की कंपनी तैनात की है। शनिवार को बाढ़डा से भाजपा विधायक सुखविंद्र मांढ़ी ने धरनास्थल पर पहुंचकर समर्थन का एलान किया। उधर आरक्षण संघर्ष समिति के जिलाध्यक्ष राजकुमार हड़ौदी ने कहा कि पंवार खाप के उपप्रधान ने भी धरने को समर्थन दिया है। धरनास्थल पर शुक्रवार को चिड़िया के पूर्व सरपंच बलबीर सिंह की पत्नी कृष्णा महिलाओं और पुरुषों को ट्रैक्टर में बैठाकर लायीं। गांव चरखी के पूर्व सरपंच और कन्नी प्रधान मास्टर ताराचंद ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने हरियाणवी लहजे मे कहा कि ‘ज्य थम यूं ए चाल्ले गै तो नैय्या पार स्य, कोई रोकणिया कोन्या।’ एसडीएम बिजेंद्र हुड्डा और डीएसपी सुरेश हुड्डा सातवें दिन भी पूरे दल-बल के साथ मोर्चे पर तैनात रहे। रविवार को धरनास्थल पर खीर का भंडारा लगाने के साथ ही रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा।
म्हारे बुजुर्गां का किलकी मार-मार कालजा लिकड़न न हो रह्या सै
पिछले छह दिनों से प्रदर्शनकारी प्रशासन से माइक का प्रयोग करने की अनुमति मांग रहे हैं। प्रशासन ने अब तक यह मांग पूरी नहीं की है। शनिवार को मंच से जाट नेताओं ने माइक मुहैया करवाने की गुहार लगाई। धरनास्थल से महज कुछ दूरी पर खड़े एसडीएम और डीएसपी की तरफ इशारा कर प्रदर्शनकारियों ने कहा कि म्हारे बुजुर्गां का किलकी मार-मार काल्जा लिकड़न न हो रह्या सै, हर प्रशासन कतई ए म्हारी सुनाई ना कर रह्या।
गांव खातीवास लगवाणएगा आज खीर का भंडारा
धरने के आठवें दिन धरनास्थल पर खीर का भंडारा लगाया जाएगा। यह घोषणा मंच से वक्ताओं ने की। उन्होंने कहा कि खीर तैयार करने की सारी व्यवस्था गांव खातीवास अपने खर्चे पर करेगा और इसके लिए उन्होंने पहल कर हामी भरी है। सेक्टर-8 में आरक्षण संघर्ष समिति रविवार को रक्तदान शिविर भी आयोजित करेगी। जिलाध्यक्ष राजकुमार हड़ौदी ने बताया कि इसके लिए उन्होंने सीएमओ को पत्र भी लिखा था। वहां से अनुमति मिल चुकी है। शिविर में 36 बिरादरी के लोग रक्तदान करेंगे और इसका उद्देश्य आपसी सौहार्द और भाईचारा कायम रखना है। उन्होंने कहा कि सामाजिक संस्थाएं भी इसके लिए आगे आई हैं।
सीआरपीएफ की कंपनी ने भी संभाला मोर्चा
एसपी सुनील दलाल के अनुसार जिले में अब तक एक आरएएफ, पांच हरियाणा पुलिस, एक होमगार्ड और दो सीआरपीएफ की कंपनी पहुंच चुकी हैं। आरएएफ और बाहर से आई पुलिस फोर्स सहित जिले के पुलिस कर्मचारियों की तैनाती पहले ही की जा चुकी है। प्रशासन ने सीआरपीएफ की कंपनी को भी तैनात कर दिया है। इनको लघु सचिवालय और बस स्टैंड पर लगाया गया है। फिलहाल जिले में सुरक्षा कर्मियों की तादात 1200 से पार है।
विधायक जी या तो अनुमति दवाओं ना तो ठाढम दाऊ लगा ल्यांगे माइक
विधायक द्वारा धरनास्थल पर पहुंचते ही प्रदर्शनकारियों ने उनसे प्रशासन से माइक की अनुमति दिलाने की मांग की। विधायक ने एसडीएम बिजेंद्र हुड्डा से बातचीत कर अनुमति देने के लिए बातचीत भी की। इसके बाद संघर्ष समिति ने लिखित में यह मांग प्रशासन को सौंप दी। वहीं, वक्ताओं ने कहा कि अगर अब भी प्रशासन ने उन्हें अनुमति नहीं दी तो वे जबरदस्ती माइक लगाने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
यशपाल मलिक पहुंचेंगे कल सुबह दस बजे
जिलाध्यक्ष राजकुमार हड़ौदी ने कहा कि जाट आरक्षण संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मलिक सोमवार को दादरी के हुडा सेक्टर स्थित धरनास्थल पर पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि सबको दिखाना है कि हमारा धरना बेहद शांतिपूर्वक और अनुशासन के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मलिक सोमवार को सुबह दस बजे यहां पहुंचेंगे।
माइक की अनुमति के लिए हमें मांगपत्र सौंपा गया है। इसे हम तत्काल उपायुक्त पंकज कुमार को भेजेंगे। अगर वहां से अनुमति मिलेगी तो भी और ना मिली तब भी प्रदर्शनकारियों को इसकी सूचना दे दी जाएगी। हर तरह की स्थिति पर काबू पाने के लिए प्रशासन अलर्ट है। - बिजेंद्र हुड्डा, एसडीएम
जरूरत के हिसाब से पुलिस जवानों की तैनाती हमने की हुई है। सीआरपीएफ कंपनी भी हमारे पास पहुंच चुकी है। इन्हें बस स्टैंड के अलावा भी हमने तैनाती की है। जिले की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन बेहद गंभीर है। उपद्रव होने पर हम हर संभव सख्ती बरतेंगे। - सुनील दलाल, एसपी