पहले पूर्व सीएम बंसीलाल और अब कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी के विधानसभा क्षेत्र तोशाम पंचायत की चौधर लगातार दूसरी बार देवराज गोयल को मिली। देवराज ने 1450 मतों के अंतर से धमाकेदार जीत दर्ज की। इससे पहले मतदाताओं ने बंपर वोटिंग की। पंचायत चुनाव में रिकार्ड 84 प्रतिशत मतदान हुआ।
प्रदेश की सर्वाधिक धनवान पंचायत में शुमार तोशाम की जनता ने दूसरी बार देवराज गोयल में अपना भरोसा दिखाया। चुनाव मैदान में सात प्रत्याशी थे। कुल 9483 मतदाताओं में 7972 मत पड़े। देवराज गोयल को 3335 मत मिले। इसके अलावा दूसरे स्थान पर रहे मितलेश सरदाना को 1885, जयनारायण शर्मा को 1512, राजेश कुमार को 1054, खजांचीलाल को 111, ललित कुमार को 25 व विनोद कुमार को 50 मत मिले।
इससे पहले कड़ी चौकसी के बीच मतदान हुआ। एसडीएम देवीलाल सिहाग ने हर मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह दल-बल के साथ दिनभर मुस्तैद दिखे।
मतदान केंद्र पर दिखी लंबी कतार
तोशाम पंचायत आम चुनाव में सुबह मतदान शुरू होते ही मतदाताओं की कतारें मतदान केंद्रों पर लग गई थी। युवा हों या बुजुर्ग मत का प्रयोग करने में पीछे नहीं रहे। 106 वर्षीय गंगा देवी बेटे-पोतों के कंधों पर बैठकर मतदान करने पहुंची। 90 वर्षीय सुनेहरी देवी भी मतदान शुरू होते ही परिजनों के सहारे के साथ मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के मतदान केंद्र में पहुंच गई थी। इसी तरह से 90 वर्षीय धनपतराय और 70 वर्षीय रामदुलारी भी मतदान करने पहुंची। अपाहिज राजेंद्र रिक्शा पर बैठकर मत का प्रयोग करने पहुंचे।
फिर कर लेना चैटिंग, अभी करने चलो वोटिंग
मॉडल संस्कृतिक वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बूथ नंबर 26 पर मतदान के लिए प्रेरित करने वाले स्लोगन चर्चा में रहे। छोड़ो अपने सारे काम-पहले चलो करें मतदान, मत को मत समझो मजबूरी- मतदान सबके लिए जरूरी, फिर कर लेना चैटिंग-अभी करने चलो वोटिंग, वोट से ताकतवर होता है लोकतंत्र-वोट से बनती है आपकी सरकार, यूथ फिर चला बूथ-लोकतंत्र बनाएंगे बलवान सब करेंगें मतदान आदि स्लोगन चर्चित रहे। बीएलओ उमेद सिंह बेडवाल ने कहा कि यह आदर्श बूथ है यहां लिखे गए स्लोगन जागरूकता के लिए हैं।
कोल्ड ड्रिंक्स के साथ वोट पर्ची
मतदान केंद्र के बाहर प्रत्याशियों के समर्थकों ने वोट पर्ची देने के लिए स्टाल लगाए हुए थे। प्रत्याशियों के समर्थकों ने यहां वोट पर्ची देने के साथ-साथ ठंडे भी देते हुए दिखाई दिए।