भिवानी में नोटबंदी के 11 वें दिन सुबह से ही कैश की जबरदस्त किल्लत दिखी। बड़ी संख्या में बैंक व एटीएम दिनभर कैश लैस रहे। बमुश्किल दो-तीन बैंकों के पास ही कैश उपलब्ध रहा। बैकों व एटीएम के बाहर नो कैश की तख्तियां देख लोग घरों को लौट गए। शनिवार का दिन बुजुर्गों का मुकर्रर करने के बावजूद वृद्धों को कैश नहीं मिला। शादी-ब्याह वालों को भी निराश लौटना पड़ा। रविवार को बैंकों में अवकाश रहेगा, अब सोमवार को राहत की उम्मीद है।
शनिवार सुबह एकबारगी तो बैंकों व एटीएम के बाहर भीड़ उमड़ी, लेकिन ज्यादातर को निराश लौटना पड़ा। ज्यादातर बैंकों के बाहर कैश नहीं का संदेश पढ़कर लोग लौट गए। कुछ बैंकों का थोड़े वक्त के बाद कैश खत्म हो गया। कुछ को मिला और अधिकतर को बैरंग लौटना पड़ा। एसबीई मुख्य ब्रांच में 12 बजे तक कैश बंटा, बाद में कैश खत्म हो गया। दिनोद गेट व पंचायत भवन ब्रांच में दोपहर बाद तक कैश वितरित हुआ। पीएनबी मुख्य ब्रांच के गेट पर सुबह ही नो कैश का बोर्ड टांग दिया गया।
लीड बैंक मैनेजर कुलजीत सिंह ने बताया कि आज कैश की उपलब्धता कम रही, इसलिए बैंकों में समस्या हुई। सोमवार को कैश आ जाएगा। लोगों को राहत मिलेगी।
शादी का कार्ड लेकर भटकते रहे लोग
जिन परिवारों में शादी है, वे सुबह ही कार्ड व अन्य कागजात लेकर बैंकों के द्वारे पहुंच गए। तमाम जद्दोजहद के बावजूद कैश नहीं मिला। बापोड़ा गांव के राजेंद्र कुमार को कल 18 नवंबर को भी कैश नहीं मिला और शनिवार को भी नहीं मिला। राजेंद्र ने बताया कि उसे सोमवार को आने को कहा है। राजेंद्र जैसे सैकड़ों लोग शनिवार को दर-बदर रहे। लीड बैंक मैनेजर ने बताया कि कैश की कमी के बावजूद उन लोगों को चाहे थोड़ा ही सही, कैश दिया है, जिनके यहां शादी होनी हैं।
लाइन में खड़े लोगों से मिलीं पूर्व सांसद
पूर्व सांसद श्रुति चौधरी ने एसबीआई मुख्य ब्रांच के बाहर कतार में खड़े लोगों से मुलाकात की और उनकी परेशानी जानी। एक व्यक्ति ने बताया कि वह शादी का कार्ड लेकर घंटों से खड़ा है, लेकिन उसे कैश नहीं मिला। श्रुति चौधरी के साथ अशोक बुवानीवाला, रामप्रताप शर्मा, देवराज मेहता, परमजीत मड्डू आदि मौजूद रहे।
अपडेट नहीं हुए जिले के एटीएम
नई करेंसी के मुताबिक एटीएम अपडेट किए जाने की प्रक्रिया अभी शुरू नहीं हो पाई है। संभवतया इस प्रक्रिया को शुरू होने में अभी और वक्त लग सकता है। लीड बैंक मैनेजर कुलजीत सिंह ने बताया कि जिले के 141 एटीएम अभी अपडेट नहीं हुए हैं। संभवतया यह काम अगले सप्ताह आरंभ हो सकता है।