भिवानी में सब्जीमंडी के पास रोहतक रोड पर जा रहे ट्रक और एक इनोवा गाड़ी की साइड से टक्कर लगने से खूब हंगामा हुआ। गाड़ी चालक जब ट्रक चालक से झगड़ने लगे तो ट्रक चालक के समर्थन में राहगीर और आसपास के दुकानदार उतर आए। इस दौरान तीखी नोंकझोंक हुई और मामला सब्जी मंडी चौकी ले जाया गया। सड़क के बीचोंबीच हंगामे के कारण करीब आधे घंटे तक मुख्य मार्ग पर जाम लगा रहा। सायं तक दोनों पक्ष चौकी में ही डटे हुए थे और कोई पुलिस कार्रवाई नहीं हुई थी।
मामला दोपहर करीब सवा एक बजे का है। एक इनोवो कार रोहतक गेट से रोहतक रोड की तरफ जा रही थी। इसी रोड पर एक ट्रक चल रहा था। दोनों जब सब्जीमंडी के पास पहुंचे तो इनोवो चालक साइड से ट्रक से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। इसी बात पर खूब हंगामा हुआ। कार सवार लोगों ने ट्रक को रुकवा लिया और चालक पर गलत तरीके से गाड़ी चलाने के आरोप लगाए। हंगामा हुआ तो ट्रक चालक के समर्थन में राहगीर और आसपास के दुकानदार उतर आए और कहने लगे कि गलती कार चालक की है। कार के चालक साइड में टक्कर लगी है। कार चालक गलत साइड से ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। कार सवार लोगों और ट्रक चालक व आसपास के दुकानदारों में तीखी नोंकझोंक हुई। सड़क के बीच विवाद होने के कारण मुख्य मार्ग पर जाम लग गया। करीब आधे घंटे तक सड़क पर हंगामा चला और सब्जीमंडी से रोहतक गेट चौक तक लंबा जाम लग गया। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को सब्जीमंडी चौकी ले जाया गया। यहां भी विवाद चलता रहा। समाचार लिखे जाने तक मामले में कोई पुलिस कार्रवाई नहीं हुई थी।