भिवानी। गांव धनाना के स्वामी गणेशानंद हाई स्कूल में तीनों ग्राम पंचायतों की ओर से आयोजित अंडर-50 किलोग्राम जूनियर महिला नेशनल स्टाइल ओपन कबड्डी प्रतियोगिता में भावड़ की टीम ने पाई को 30-23 से हराकर खिताब जीता।
हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन ऊषा प्रियदर्शी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और विजेता टीम को 41 हजार रुपये का पुरस्कार दिया। जिला कैथल के गांव पाई की टीम दूसरे स्थान पर रही जिसे 31 हजार रुपये मिले। गांव कुंगड़ और भालोठ की टीमें संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं।
दोनों टीमों को 11-11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। प्रतियोगिता में हरियाणा के अलावा पंजाब, दिल्ली और मध्य प्रदेश की कुल 47 टीमों ने भाग लिया।
रीतिका बेस्ट रेडर चुनीं गईं
भावड़ की खिलाड़ी रीतिका को बेस्ट रेडर चुना गया और 5100 रुपये का पुरस्कार दिया गया। इसी टीम की काफी और आरती को बेस्ट कैचर चुना गया। दोनों को 5100-5100 रुपये की राशि प्रदान की गई। पुरस्कार वितरण के दौरान ऊषा प्रियदर्शी ने कहा कि खेल शारीरिक मजबूती के साथ आत्मविश्वास, अनुशासन और संघर्ष की भावना विकसित करते हैं। इस दौरान राज्य महिला आयोग की वाइस चेयरपर्सन मीना परमार ने उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम में सर्व जातीय जाटू खाप चौरासी के उपाध्यक्ष कुलदीप घणघस, धनाना प्रथम की सरपंच ममता शर्मा, धनाना द्वितीय के सरपंच वेदपाल जांगड़ा, धनाना तृतीय के सरपंच राजेश कुमार, जिला खेल अधिकारी विद्यानंद, सहायक आबकारी एवं कराधान अधिकारी पवन घणघस और कबड्डी नर्सरी के कोच रमेश कुमार मौजूद रहे।