लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए हॉल में समाधान शिविर में लोगों की समस्याएं सुनते डीएमसी हरबीर सिंह ।
भिवानी। लघु सचिवालय के डीआरडीए हॉल में सोमवार को आयोजित समाधान शिविर में डीएमसी हरबीर सिंह ने लोगों की समस्याएं सुनीं और चार शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया। डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का जल्द निपटारा करने के निर्देश दिए।
गांव मिताथल निवासी सूरजभान ने गली में बने अवैध शौचालय को हटवाने, कलिंगा निवासी जगदीश ने तालाब से बरसाती पानी निकलवाने और तालू निवासी महेंद्र ने सोलर सिस्टम का नियंत्रक बदलवाने की मांग रखी। वहीं हालुवास निवासी कविता ने दिव्यांग व्यक्ति के लिए व्हीलचेयर उपलब्ध करवाने और गोरीपुर निवासी वीरेंद्र सिंह ने गली का अवरुद्ध रास्ता खुलवाने की शिकायत दी।
इसके अलावा कुछ लोगों ने परिवार पहचान पत्र (फैमिली आईडी) में त्रुटियां ठीक करवाने की शिकायतें रखीं। इनमें से चार शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया। डीएमसी हरबीर सिंह ने अधिकारियों को जिम्मेदारी गंभीरता से निभाने और सभी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिविर में डीएसपी अनूप कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। गैर सरकारी सदस्यों में सुनील वर्मा नंबरदार, रामकिशन हलवासिया और राम गोपाल सैनी भी उपस्थित रहे।