तोशाम के बीडीपीओ कार्यालय में सेवा सेतु कैंप में लगाई गई स्टालों के अवलोकन के दौरान कर्मचारियों
तोशाम। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी सेवाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक सीधे पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को बीडीपीओ कार्यालय में सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु कैंप लगाया गया। सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने कैंप का अवलोकन कर विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों पर योजनाओं और सेवाओं की जानकारी ली।
कैंप में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर नागरिकों को सरकारी सेवाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। सांसद ने प्रत्येक विभाग के स्टॉल का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से योजनाओं के प्रावधानों व पात्रता सहित अन्य जानकारियां लीं। इस दौरान एसडीएम संदीप कुमार, नायब तहसीलदार अशोक कुमार और जिला कल्याण अधिकारी देवेंद्र सिंह मौजूद रहे। कैंप में तोशाम के सरपंच राजेश तंवर, सरपंच एसोसिएशन के प्रधान राजेंद्र सिंह, पंकज कौशिक, पंचायत समिति चेयरपर्सन के प्रतिनिधि सोनू पंघाल और वाइस चेयरमैन सुनील भारीवास भी उपस्थित रहे।
बैंक अधिकारियों की मौजूदगी के दिए निर्देश
सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने एसडीएम को निर्देश दिए कि सेवा सेतु कैंप में बैंक अधिकारियों की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए, ताकि ऋण आदि से संबंधित मामलों का मौके पर ही समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी सुनिश्चित होगा जब पात्र लोगों को उनकी जानकारी के साथ लाभ लेने की प्रक्रिया भी सरलता से उपलब्ध हो।
उन्होंने कहा कि सेवा सेतु कैंप सरकार और आमजन के बीच सीधे संवाद का माध्यम बन रहे हैं। एक ही स्थान पर कई विभागों की सेवाएं मिलने से लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया आसान होती है। सरकार का प्रयास है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक सरल और पारदर्शी तरीके से पहुंचे।