भिवानी। बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए बांद्रा टर्मिनस-भिवानी-बांद्रा टर्मिनस सुपरफास्ट साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के संचालन को 26 फरवरी तक जारी रखने का निर्णय लिया है। इस ट्रेन के संचालन से महाराष्ट्र जाने वाले यात्रियों को सीधी और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि गाड़ी संख्या 09005 बांद्रा टर्मिनस-भिवानी सुपरफास्ट साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 11, 18 व 25 फरवरी को प्रत्येक बुधवार सुबह 11 बजे बांद्रा टर्मिनस से रवाना होगी। यह ट्रेन जयपुर स्टेशन पर गुरुवार सुबह 6:55 बजे पहुंचेगी और 7:05 बजे आगे के लिए रवाना होकर दोपहर 1 बजे भिवानी पहुंचेगी।
इसी तरह गाड़ी संख्या 09006 भिवानी-बांद्रा टर्मिनस सुपरफास्ट साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 12, 19 व 26 फरवरी को प्रत्येक गुरुवार को दोपहर 2:35 बजे भिवानी से रवाना होगी। यह ट्रेन जयपुर स्टेशन पर शाम 7:40 बजे पहुंचेगी और 7:50 बजे प्रस्थान कर शुक्रवार को शाम 4:10 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार स्पेशल ट्रेन के संचालन से यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और नियमित ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव भी कम होगा।