शहर में बंसीलाल पार्क के पास सफाई करते नगर परिषद के कर्मचारी।
भिवानी। शहर में सफाई से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए नगर परिषद द्वारा जारी किए गए हेल्पलाइन नंबरों पर अब असर दिखने लगा है। सफाई के लिए जारी 8053609453 और 8053609445 नंबरों पर अब तक गंदगी से संबंधित दो शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिन पर नगर परिषद ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित स्थानों पर सफाई करवाई और सफाई के बाद की फोटो शिकायतकर्ताओं को भेजी गई।
नगर परिषद प्रशासन की ओर से नागरिकों को सुविधा देते हुए कहा गया है कि शहर में कहीं भी गंदगी, कचरे के ढेर या सफाई न होने की समस्या हो तो संबंधित स्थान की फोटो इन नंबरों पर भेजी जा सकती है। शिकायत मिलने के बाद नगर परिषद द्वारा 24 घंटे के भीतर सफाई करवाई जाएगी और कार्रवाई की सूचना फोटो सहित शिकायतकर्ता को दी जाएगी।
जिला नगर आयुक्त गुलजार मलिक ने बताया कि शहर को सुंदर और स्वच्छ बनाए रखने के लिए सर्कुलर रोड के अलावा अन्य क्षेत्रों से भी कचरा प्वाइंट समाप्त किए गए हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे खुले में कचरा न डालें क्योंकि इससे गंदगी बढ़ती है और वातावरण भी प्रदूषित होता है। शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए आमजन का सहयोग बेहद जरूरी है। नगर आयुक्त ने कहा कि यदि कहीं कचरे का उठान नहीं हो रहा है या सफाई नहीं की जा रही है तो लोग बिना झिझक फोटो के साथ शिकायत भेजें ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।
दो जगहों पर मिली कूड़े की शिकायत
सफाई विकास देशवाल ने बताया कि नगर परिषद को जारी किए गए नंबरों पर आदर्श नगर के पास ग्रीन बेल्ट के नजदीक और सर्कुलर रोड पर सिटी मॉल के पास कचरा पड़े होने की शिकायत मिली थी। शिकायत मिलते ही सफाई कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे और सफाई व्यवस्था दुरुस्त की गई। उन्होंने बताया कि सफाई कार्य पूरा होने के बाद संबंधित स्थानों के फोटो भी शिकायत करने वाले व्यक्तियों को भेज दिए गए हैं। इसके अलावा रविवार को चौधरी बंसीलाल पार्क के पास स्वच्छता अभियान चलाकर सफाई करवाई गई। नगर परिषद को जहां-जहां भी गंदगी से संबंधित शिकायत मिल रही है, वहां समय पर सफाई करवाई जा रही है।