बहल (भिवानी)। फर्जी करेंसी छापने के प्रयास में गिरफ्तार आरोपी दिनेश को लेकर मुंबई गई बहल पुलिस बुधवार को लौट आई। पुलिस के मुंबई आने की सूचना मिलने पर उक्त व्यक्ति अपने घर पर ताला लगाकर फरार हो गया। वहीं, पुलिस ने गाजीपुर से 13 फरवरी को गिरफ्तार आरोपी संदीप को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस को मामले में गिरफ्तार आरोपी सिरसी गांव निवासी दिनेश से पूछताछ में पता चला था कि उसका गाजीपुर निवासी संदीप के पास आना जाना था और इस मामले के तार वहीं से जुड़े थे। पुलिस ने दिनेश के बताए पते पर गाजीपुर पहुंचकर संदीप को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने संदीप व दिनेश को लेकर गाजीपुर से मुंबई के लिए रवाना हुई। पुलिस को आरोपियों से पता चला था कि उनका मुंबई में ही किसी व्यक्ति से इंस्टाग्राम पर संपर्क हुआ था। उनको मुंबई निवासी उस व्यक्ति से ही नोट बनाने की प्रक्रिया को सीखा जाना था। लेकिन, पुलिस के पहुंचने से पहले ही उक्त व्यक्ति को पुलिस के आने की भनक लग गई और वह मौके से फरार हो गया।
जांच अधिकारी पुलिस थाना प्रभारी राधेश्याम ने बताया कि मामले में अभी तक यह सामने आया है कि उनका नोट छापने की प्रक्रिया अभी शुरू नहीं हुई थी। वे अभी तक प्रिंटर के अलावा कुछ अन्य सामान लाए थे। अभी तक उन्होंने नोट छापने की प्रक्रिया को पूरी तरह से शुरू नहीं किया था कि डीआरआई टीम को इसकी भनक लग गई। डीआरआई टीम ने आरोपी दिनेश को उस वक्त उस समय पकड़ लिया था जब वह राजस्थान के सादुलपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचा था।