भिवानी। कृष्णा कॉलोनी में एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घायलावस्था में उसे उपचार के लिए आपातकालीन विभाग में लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार न होने पर चिकित्सक ने उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। मामले की सूचना पुलिस को दी।
मामला शनिवार दोपहर करीब तीन बजे का है। गांव बलियाली निवासी 25 वर्षीय सोमबीर शनिवार दोपहर करीब तीन बजे किसी काम से भिवानी आया था। वह कृष्णा कॉलोनी चौक पर पहुंचा तो अचानक ही दर्जन भर युवक बाइकों पर सवार होकर आए। आरोपी युवक उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर सोमबीर पर ईंट, पत्थरों से हमला कर दिया। जिसके कारण उसके पांव व अन्य जगह पर गंभीर चोटें आई। झगड़ा देख राहगीरों ने उसका बीच-बचाव करवाया। आरोपी युवक मौके से फरार हो गए। राहगीर उसे उपचार के लिए आपातकालीन विभाग लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। मामले की सूचना मिलने पर दिनोद गेट चौकी से जांच अधिकारी एचसी विक्रम अस्पताल और घटनास्थल पहुंचे। जांच अधिकारी एचसी विक्रम ने बताया कि झगड़े में गांव बलियाली निवासी सोमबीर घायल है, जोकि रोहतक पीजीआई में उपचाराधीन है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घायल के बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।