भिवानी। राज्यसभा सदस्य किरण चौधरी के पत्र के जवाब में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भिवानी रेलवे जंक्शन से किसान एक्सप्रेस एवं हिसार एक्सप्रेस को संचालित किए जाने की विस्तृत जांच रिपोर्ट के लिए संबंधित निदेशालय को निर्देश दिए गए हैं। केंद्रीय रेल मंत्री ने राज्यसभा सदस्य किरण चौधरी को पत्र लिखकर आश्वासन दिया है कि निदेशालय की ओर से विस्तृत रिपोर्ट आने के उपरांत भिवानी रेलवे जंक्शन से किसान एक्सप्रेस और हिसार एक्सप्रेस के संचालक को बहाल कर दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि राज्यसभा सदस्य किरण चौधरी ने केंद्रीय रेल मंत्री को भिवानी रेलवे स्टेशन के माध्यम से किसान एक्सप्रेस और हिसार एक्सप्रेस का संचालन बहाल करने को लेकर पत्र लिखा था। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को पत्र में लिखा कि किसान एक्सप्रेस और हिसार एक्सप्रेस ट्रेनों को मुख्य भिवानी रेलवे स्टेशन के बजाय भिवानी सिटी स्टेशन से संचालित करने का निर्णय लिया गया। इस निर्णय से बड़ी संख्या में यात्रियों को भारी असुविधा हो रही है। इनमें महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक, किसान और बच्चे शामिल हैं, जो अपने दैनिक आवागमन के लिए इन ट्रेनों पर निर्भर हैं।
किरण चौधरी ने केन्द्रीय रेल मंत्री को पत्र में लिखा कि भिवानी सिटी स्टेशन मुख्य शहर से लगभग 6 किलोमीटर दूर स्थित है। यहां पर उचित पार्किंग सुविधाओं, प्रतीक्षा क्षेत्रों और बुनियादी सुविधाओं सहित पर्याप्त बुनियादी ढांचे का अभाव है। स्टेशन इन ट्रेनों की संख्या के अनुसार यात्रियों को संभालने के लिए पूरी तरह से विकसित नहीं है।
केंद्रीय रेल मंत्री ने राज्यसभा सदस्य किरण चौधरी को पत्र लिखकर आश्वासन दिया कि निदेशालय द्वारा विस्तृत रिपोर्ट आने के उपरांत भिवानी मुख्य रेलवे स्टेशन से किसान एक्सप्रेस तथा हिसार एक्सप्रेस के संचालक को बहाल कर दिया जाएगा।
बहाल हुई दिल्ली-हिसार रेल सेवा
रेलवे की ओर से रद्द की गई दिल्ली-हिसार ट्रेन को वीरवार से बहाल कर दिया गया है। यह ट्रेन रद्द होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इससे अब यात्रियों की परेशानी कम होगी। ट्रेन संख्या 54423 नई दिल्ली-हिसार रेल सेवा वीरवार को अपने निर्धारित स्टेशन से निर्धारित समयानुसार संचालित की गई। वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 54424 हिसार-नई दिल्ली रेल सेवा 28 फरवरी से अपने निर्धारित स्टेशन से अपने निर्धारित समयानुसार संचालित की जाएगी।