चांग (भिवानी)। गांव गुजरानी के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे ग्रामीणों ने स्कूल गेट पर ताला जड़ दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि स्कूल में बच्चों के बैठने के लिए पर्याप्त कमरों का निर्माण कराया जाए। स्कूल गेट पर तालाबंदी की सूचना पाकर खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल गौड़ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को समझाकर ताला खुलवाया। वहीं स्कूल में नए कमरों के निर्माण का भरोसा दिलाया।
गांव गुजरानी के सरपंच रेनु के प्रतिनिधि सुरेश, जोगेंद्र, महेश, बुधराम, बलबीर, हरिराम, अनिल ने बताया कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का पुराना भवन तोड़ दिया गया है। जबकि स्कूल परिसर में करीब आठ नए कमरों का निर्माण कराया गया था। स्कूल में करीब छह से 12वीं तक के करीब 800 विद्यार्थी हैं। इस वजह से स्कूल दो शिफ्टों में लगाया जा रहा है। पहली शिफ्ट में कक्षा छह से नौवीं तक और दूसरे शिफ्ट में दसवीं से बारहवीं तक की कक्षाएं लग रही हैं। कुछ अर्से पहले एक शिफ्ट गांव की धर्मशाला में भी लगाई गई, लेकिन अब धर्मशाला में भी निर्माण का काम चल रहा है। इस वजह से स्कूल में दो शिफ्टों में भी बच्चों के लिए बैठने के लिए पर्याप्त जगह नहीं है।
ग्रामीणों की मांग है कि तोड़े गए पुराने स्कूल भवन की जगह नए भवन का निर्माण कराया जाए। इस मांग को लेकर कई बार शिक्षा अधिकारियों से भी ग्रामीण मिल चुके हैं। मगर व्यवस्था में कोई सुधार नहीं है। ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे स्कूल गेट पर ताला लगाकर रोष जताया।
मौके पर पहुंचे जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी नरेश मेहता ने बताया कि ग्रामीणों की मांग जायज है। इस संबंध में उच्चाधिकारियों को जल्द मसौदा भेजा जाएगा और पुराने भवन की जगह नए भवन निर्माण का एस्टीमेट तैयार कराकर सरकार से बजट की मांग की जाएगी। करीब एक घंटे बाद खंड शिक्षा अधिकारी के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने स्कूल गेट से ताला खोल दिया।