बसों के ठहराव की मांग को लेकर भिवानी-हांसी मार्ग पर जाम लगा कर वाहनों को रोकती छात्राएं। संवाद
- फोटो : Bhiwani
बवानीखेड़ा (भिवानी)। कस्बे के हांसी-भिवानी मार्ग पर वीरवार को सुंदर ब्रांच नहर पर पुलिस चौकी के पास कॉलेज छात्राओं ने बसों के ठहराव की मांग को लेकर रोड जाम कर दी। छात्राओं ने करीब एक घंटा तक जाम लगाया। इसके चलते सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम की सूचना मिलते ही कार्यवाहक थाना प्रभारी राम अवतार मौके पर पहुंचे और छात्राओं को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।
वीरवार को सुबह करीब नौ बजे क्षेत्र के गांव खेड़ी दौलतपुर, अलखपुरा, सिवाना, मेहंदा व दुर्जनपुर गांव की छात्राएं बसों के ठहराव की मांग को लेकर सुंदर ब्रांच नहर के समीप हांसी-भिवानी मार्ग पर रोड के बीच में बैठ गईं और यातायात जाम कर दिया। छात्राओं का आरोप है कि उनके गांव लिंक मार्गों पर पड़ते हैं और उनके गांव में परिवहन की समुचित व्यवस्था नहीं है। इस कारण वे अपनी व्यवस्था पर सुंदर ब्रांच नहर के पास चौराहे पर बवानीखेड़ा, भिवानी व हांसी कॉलेज जाने के लिए बस पकड़ती हैं। यहां पर रोडवेज कर्मचारी बसों को नहीं रोकते। छात्राओं को देख बस की गति तेज कर लेते हैं। मजबूरन बस पकड़ने के लिए वे काफी दौड़ धूप करती हैं। जिस कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उनको घंटों तक बसों का इंतजार करना पड़ता है। छात्राओं का आरोप है कि बसों के न रुकने के कारण उन्हें कॉलेज पहुंचने में देर हो जाती है। उनकी पढ़ाई बाधित होती है। गुस्साई छात्राओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। जाम की सूचना पाकर कार्यवाहक थाना प्रभारी रामअवतार मौके पर पहुंचे और छात्राओं को समझाया। उन्होंने छात्राओं से कहा कि इस संबंध में रोडवेज के अधिकारियों से बात करनी चाहिए।