भिवानी। नीमा हरियाणा द्वारा चुनाव स्थगित करने के विरुद्ध काउंसिल ऑफ इंडियन मेडिसिन हरियाणा के अध्यक्ष को पद से हटाने और रजिस्ट्रार को निलंबित करने की मांग पूरे हरियाणा से उठाई गई।
नीमा हरियाणा संरक्षक डॉ. आरबी गोयल ने कहा कि नीमा हरियाणा का मानना है कि चुनाव की घोषणा उपरांत निर्धारित चुनाव अधिसूचना जारी होने के बाद समय पर डाक मतपत्रों का प्रेषण न करना और उसके बाद चुनावों का कथित रूप से गैरकानूनी रूप से स्थगित होना, कर्तव्य की घोर अवहेलना और वैधानिक अधिकार का दुरुपयोग है। जिसके लिए नीमा हरियाणा सरकार से मांग करती है कि डॉ. दिनेश अग्रवाल को कौंसिल अध्यक्ष पद से तत्काल हटाया जाए। सीआईएम हरियाणा के रजिस्ट्रार डॉ. दिनेश शर्मा को प्रशासनिक जिम्मेदारी पूरी नहीं करने के लिए तत्काल निलंबित किया जाए और उसका मुख्यालय पंचकूला से दूर रखा जाये। 1965 के चुनाव नियमों के अनुसार चुनाव प्रक्रिया को सख्ती से बहाल किया जाए।
उन्होंने कहा कि नीमा हरियाणा का एक शिष्टमंडल 24 फरवरी मंगलवार को मुख्य मंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, स्वास्थ्य सचिव, महानिदेशक आयुष से मिलकर कौंसिल के चेयरमैन को हटाने व रजिस्ट्रार को निलंबित करने की मांग करेगा।