भिवानी। कथा वाचक के खिलाफ जूई क्षेत्र की युवती की ओर से दुष्कर्म का केस दर्ज कराए जाने के बाद कथा वाचक व उसके सहयोगियों पर पीड़ित परिवार को डराने धमकाने के आरोप लगे हैं। इस मामले को लेकर आसपास के गांवों की महापंचायत बुधवारी माता मंदिर जूई में शुक्रवार शाम चार बजे बुलाई गई है। जिसमें आगामी रणनीति बनाई जाएगी।
पीड़ित लड़की न गन प्वाइंट पर उसे अगवा कर दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर महिला पुलिस थाना में केस दर्ज है। इसके बावजूद पीड़ित के परिजनों का आरोप है कि कथावाचक व उसके साथी उन पर फोन कर मामला वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। जूई बिचली सरपंच प्रतिनिधि अवन लांबा, जूई कलां सरपंच पवन रापड़िया, जूई खुर्द सरपंच प्रतिनिधि रमेश रापड़िया, बीडीसी प्रतिनिधि संजय सेन ने बताया कि श्मशान घाट नजदीक बस स्टैंड बुधवारी माता मंदिर में शुक्रवार शाम को आसपास के दर्जनों गावों की महापंचायत शाम चार बजे होगी।
पंचायत में पीड़ित परिवार के साथ हुए अन्याय व ढोंगी बाबा व उसके साथियों की गिरफ्तारी की जल्द से जल्द मांग की जाएगी। अगर पुलिस प्रशासन ने रविवार तक आरोपियों को गिरफ्तार नही किया तो पंचायत में आगामी रणनीति बनाकर तैयार रखी जाएगी जिसमे लिए गए फैसले के लिए पुलिस प्रशासन जिम्मेवार रहेगा। बीसीसीआई पूर्व कोषाध्यक्ष व कांग्रेस नेता अनिरुद्ध चौधरी ने कहा कि ढोंगी कथावाचक बाबा व उसके सभी सहयोगियों को पुलिस प्रशासन जल्द से जल्द गिरफ्तार करे ताकि पीड़ित परिवार का कानून पर विश्वास कायम रहे।