इसी पैक्स में बनाया ग्रामीण ने वीडियो।
- फोटो : fdsfd
तोशाम (भिवानी)। शनिवार को छुट्टी के दिन कॉपरेटिव सोसायटी पैक्स मिरान में ग्रामीणों ने बैंक कर्मचारियों पर गलत तरीके से एक महिला को लाने के आरोप लगाए हैं। एक ग्रामीण ने मामले को वीडियो बनाकर रिकॉर्ड किया। ग्रामीण का आरोप है कि इस दौरान उसके साथ हाथापाई भी की गई। बैंक अधिकारी ने उनमें से एक कर्मचारी की जानकार होने की बात कही। इस मामले को लेकर उच्चाधिकारी सोमवार को मामले की जांच के लिए बैंक में पहुंचेंगे व ग्रामीण भी गांव में एकत्रित होंगे।
शनिवार 28 मई को बैंकों की चौथा शनिवार होने के कारण छुट्टी थी। ग्रामीण ने बताया कि छुट्टी के दिन करीबन सवा 10 बजे एक महिला बैंक में आई। बैंक के एक अधिकारी सहित 5 कर्मचारी बैंक में पहले से मौजूद थे। इसके 15 मिनट बाद ही ग्रामीण को सूचना मिली की सोसायटी पैक्स में कर्मचारी शराब पिए हुए हैं व एक महिला को गलत तरीके से बुलाया गया। सूचना के बाद ग्रामीण युवक मौके पर पहुंचा व अपने मोबाइल से घटनाक्रम का वीडियो बनाना शुरू किया। युवक का कहना है कि जब उसने वीडियो बनाया तो गार्ड बाहर आया और उसने युवक को कमरे का दरवाजा नहीं खोलने दिया। युवक का आरोप है कि सभी शराब पिए हुए थे। इनमें से दो पैक्स में मौजूद रसोई में थे व वीडियो बनाता देख वे मौके से भाग गए। सभी कर्मचारियों की गाड़ी व मोटरसाइकल पैक्स के अंदर खड़ी थी। ग्रामीण का आरोप कि कर्मचारी और अधिकारी पहले भी यहां शराब पी चुके हैं। गलत काम करते हैं।
क्या कहते हैं अधिकारी
इस बारे में बैंक मैनेजर रामप्रसाद ने बताया कि हम तो अलग कमरे में ब्रांच का काम कर रहे थे। महिला किसी कर्मचारी की जानकार थी। इस मामले में जब कर्मचारी लक्ष्मीनारायण से पूछा तो उसने बताया कि उसकी कोई जानकर नहीं थी। इस मामले में जीएम सुरेशपाल ने बताया की मामले को लेकर फोन आए हैं। सोमवार को मामले में जांच की जाएगी।