रेलवे स्टेशन पर बुधवार शाम एक युवक ने शराब के नशे में हंगामा किया। रेलवे कर्मचारी से झगड़ा कर खुद के हाथ पर ब्लेड से कई वार किए और बाद में केबिन में घुसकर रेलवे कर्मचारी पर भी हमला कर दिया। जिससे कर्मचारी को भी चोट आई। घायल को उपचार के लिए इमरजेंसी लाया गया। मामले में अभी तक पुलिस कार्रवाई नहीं की गई है।
मामला बुधवार की शाम करीब चार बजे का है। रेलवे स्टेशन पर खड़े एक युवक ने रेलवे कर्मचारी से तीन से चार बार जयपुर जाने वाली ट्रेन के बारे में पूछा। युवक नशे में धुत्त बताया जा रहा है। इसके बाद कर्मचारी युवक को धमकाया तो विवाद बढ़ गया। युवक ने ब्लेड लेकर अपने हाथ पर कई वार किए। जिससे खून बहने लगा। इसके बाद युवक कर्मचारियों के केबिन में घूसकर एक कर्मचारी पर हमला कर दिया। वहां ट्रेन का इंतजार कर रहे एक युवक ने उक्त नशे में धुत्त युवक को किसी तरह काबू किया। जिसके बाद जीआरपी और आरपीएफ पुलिस पहुंचे। घायल युवक और कर्मचारी को इमरजेंसी ले जाया गया। युवक लगातार गाली-गलौज करता रहा और सबको काटने की बात कहता रहा।
आरपीएफ ने आरोपी युवक से पूछताछ की तो उसने अपना नाम 21 वर्षीय पंकज बताया जो उत्तराखंड का रहने वाला है। वहीं युवक के हमले में चोटिल हुए रेलवे के क्लर्क राजेंद्र का कहना है कि आरोपी युवक रेलवे के अधिकारी केबिन के अंदर घुस गया था। जिसे टोका तो सीधा ब्लेड से गर्दन पर हमला किया था, गनीमत रही कि गर्दन पर ब्लेड नहीं लगा।
आरपीएफ थाना इंचार्ज ऊषा निरंकारी ने बताया कि युवक ट्रेन के संबंध में पूछताछ करने के लिए कैबिन में गया था, जब कर्मचारी ने उसे पूछताछ केंद्र में जाकर छुआछूत के लिए बोला तो इसी में तैश में आकर युवक ने यह कदम उठाया है। मामले की जांच चल रही है।