परीक्षार्थियों को नकल नहीं करने के लिए जागरूक करते शिक्षक कमल शर्मा। विज्ञप्ति
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। सुनो सुनो एक कहासुनी सुनो, नकल जो करता है, उसका भविष्य हो जाएगा बर्बाद, सारी जिंदगी पछताओगे, नहीं बनोगे स्वाभिमानी। सुनो-सुनो नकल नहीं करना है सुनो, नकल अकल को खा जाती है। अपनी बुद्धि से ये परीक्षा देनी है। यह गीत सोमवार को सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। इस गीत के माध्यम से गवर्नमेंट मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विज्ञान शिक्षक व फिलहाल बोर्ड परीक्षा में सुपरवाइजर कमल शर्मा परीक्षार्थियों को नकल नहीं करने का संदेश दे रहे हैं।
शिक्षक कमल शर्मा के तीन वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इसमें एक में वे केंद्र पर 10वीं की परीक्षा से पहले छात्राओं को नकल नहीं करने की शपथ दिला रहे हैं और फिर केंद्र परिसर में ही जागरूकता रैली निकालकर नकल नहीं करने का संदेश दे रहे हैं। दूसरे वीडियो में वे 12वीं कक्षा की परीक्षा से पूर्व परीक्षार्थियों को गीत के माध्यम से नकल नहीं करने का संदेश दे रहे हैं।
नकल रोकने के लिए छेड़ा है अभियान
बोर्ड चेयरमैन प्रो. जगबीर सिंह की प्रेरणा से नकल रोकने और नकल नहीं करने के लिए प्रति परीक्षार्थियों को जागरूक करने का यह अभियान छेड़ा है। नकल से बच्चों का भविष्य खराब होता है और वे कभी भी आत्मनिर्भर, स्वावलंबी नहीं बन पाते। ऐसे में सभी अभिभावक अपने बच्चों को नकल नहीं करने का संदेश दें।
-कमल शर्मा, शिक्षक।
अच्छा काम कर रहे शिक्षक
शिक्षक कमल का यह सराहनीय और प्रेरणादायी प्रयास है। सभी शिक्षकों और उड़नदस्तों में शामिल स्टाफ को उनसे प्रेरणा लेकर नकल रहित परीक्षा में अपना योगदान देना चाहिए। नकल बच्चे का भविष्य संवारती नहीं, बिगाड़ती है। एक बार भले ही नकल से परीक्षा दे लें और पास हो जाएं, मगर उम्र भर वह नकल पर निर्भर रहेगा। ऐसे में जरूरी है कि बच्चों को अपने पांव पर खड़ा होना सीखाए और नकल नहीं करने का संदेश दें।
-प्रो. जगबीर सिंह, चेयरमैन, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड।