भिवानी। 984 लाख रुपये की लागत से जिले के छह संपर्क मार्ग बनेंगे। रविवार को इनका शिलान्यास किया गया। कृषि एवं पशुपालन मंत्री जयप्रकाश दलाल ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि प्रदेश के सभी संपर्क मार्गों को पक्का किया जाए। इसमें छह करम तक के रास्ते लोक निर्माण विभाग, पांच करम तक के रास्ते मार्केटिंग बोर्ड और पांच करम से कम वाले रास्तों को ग्राम पंचायतों द्वारा पक्का किया जाएगा जिला भिवानी को विकास के मामले में किसी भी क्षेत्र में कम नहीं रहने दिया जाएगा। कृषि मंत्री रविवार को लघु सचिवालय परिसर में आयोजित शिलान्यास समारोह को बोल रहे थे।
कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की योजना सभी 90 हलकों मेें समान रूप से विकास करवाने की है। पानी के प्राकृतिक स्रोत कम होते जा रहे हैं। भाखड़ा डैम और यमुना में जल स्तर काफी कम हो गया है, जिससे पानी की उपलब्धता कम हो गई है, जो चिंता का विषय है। आने वाले तीन महीने गर्मी के दौरान हालात और भी गंभीर बनने वाले हैं, ऐसे में हमें पानी की बर्बादी रोकनी होगी। सिंचाई के लिए भी ड्रिप इरीग्रेशन को बढ़ावा दिया जा रहा है।
विधायक घनश्याम दास सर्राफ ने कहा कि सरकार ने विपक्ष के हलकों में समान रूप विकास राशि दी जा रही है। विधायकों को पांच-पांच करोड़ रुपये मुख्यमंत्री ने दिए हैं। हलका बवानीखेड़ा से विधायक बिशंभर वाल्मीकि ने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने जिला प्रशासन से खरक खुर्द में बूस्टर को शुरू करवाने को कहा, जो मुख्यमंत्री की घोषणा में शामिल है। उपायुक्त जयबीर सिंह आर्य ने सभी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा केंद्र व प्रदेश सरकार की सभी योजनाओं को सही व समय पर अमलीजाम पहनाया जा रहा है। जिले में लिंगानुपात में सुधार हुआ है, जिससे जिला प्रदेश में दूसरे नंबर पर रहा है।
कृषि कानूनों के बारे में फैलाई भ्रांतियां
कृषि मंत्री ने कहा कि कृषि कानूनों के बारे में किसानों व आमजन में दुष्प्रचार व भ्रांतियां फैलाने का प्रयास किया गया, लेकिन आज परिणाम यह है कि किसान खुले तौर पर अपनी फसल बेचने के लिए आजाद है। किसानों को एमएसपी से अधिक भाव उनकी फसल के मिल रहे हैं। पिछले एक साल में एक मंडी बंद नहीं हुई है, बल्कि किसानों को अच्छे दाम पर अपनी फसल बेचने के विकल्प बने हैं। अनाज मंडियों में किसानों को फसल बेचने में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। प्रदेश में छोटी-बड़ी मंडियों का जाल बिछाया जा रहा है। गन्नोर में दुनिया की सबसे विकसित मंडियों में एक बड़ी मंडी का निर्माण जल्द पूरा होने जा रहा है, जिसका सीधा लाभ प्रदेश के किसानों को मिलेगा। अनाज भंडारण की क्षमता को बढ़ाने के लिए नए गोदाम बनाए जा रहे हैं। प्रदेश में छह लाख पशुओं का बीमा किया जा चुका है और 26 करोड़ रुपये पशुपालकों को बीमा के रूप में दिए जा चुके हैं। 25 से 30 करोड़ रुपये का बजट पशुपालकों के लिए आरक्षित किया गया है ताकि जोखिम के समय दिया जा सके। पशुओं का मात्र 100 रुपये में बीमा किया जा रहा है।
इन सड़कों की रखी आधारशिला
कार्यक्रम के दौरान 163 लाख रुपये की लागत की बैराण से बुढ़ेड़ा, 285 लाख की लागत की देवसर से बजीणा, 136 लाख की लागत की बलियाली से सागवन, 117 लाख की लागत की कुंगड़ से सुंदर नहर वाया पुर सिवाड़ा खेड़ी रोड़, 104 लाख की लागत की टिटाणी से लहलाना और 179 लाख रुपये की लागत की रोढ़ा से सिधनवा के सड़क का शिलान्यास किया गया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में उपायुक्त जयबीर सिंह आर्य, एसडीएम महेश कुमार, नगराधीश हरबीर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष शंकर धूपड़, जेजेपी जिलाध्यक्ष विजय गोठड़ा, पूर्व विधायक शशि रंजन परमार, पूर्व विधायक डॉ. शिवशंकर भारद्वाज, बृजपाल तंवर, सुरेश सैन, सोनू सैनी, विनोद चावला, हरिओम शर्मा, मुकेश प्रजापति, अरविंद पुंडीर, अजय गोबिंदपुरा, प्रदीप तंवर, संजय गिरधर, जिला राजस्व अधिकारी प्रमोद चहल, मार्केटिंग बोर्ड के अधीक्षक अभियंता राजेश कुमार, कार्यकारी अभियंता अजय राठी, एसडीओ रमेश कुमार, डीआईओ पंकज बजाज, रविंद्र मंढोली, गजानंद अग्रवाल, कैप्टन रामफल और संदीप गढवा आदि विभिन्न विभागों से अधिकारी, पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।