बूंदाबांदी के बीच अपने गंतव्य को जाते वाहन चालक। संवाद
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। मार्च माह के तीसरे सप्ताह में अचानक बदले मौसम के मिजाज ने किसानों की चिंता बढ़ा दी। वहीं रविवार दोपहर बाद हल्की बूंदाबांदी हुई। इससे पहले आसमान में गरज के साथ बादल भी छाए। हल्की बारिश के बाद हवा में भी ठंडक घुल गई वहीं तापमान भी थोड़ा नीचे आया।
वहीं अचानक बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी। इस समय किसान खेत में रबी फसल कटाई में जुटे हैं। खासकर गेहूं और सरसों की कटाई और कढ़ाई का काम चल रहा है। ऐसे में मौसम में आए अचानक बदलाव से किसानों को भी फसल को लेकर चिंता सताने लगी है। हालांकि जिन किसानों ने अपनी फसल कटाई के बाद खरीफ फसल की तैयारी की हुई हैं, उन किसानों के लिए इस समय हुई बारिश राहत लेकर आई है। पिछले काफी दिनों से सुबह शाम हल्की ठंड व दिन के समय अधिक गर्मी की वजह से तापमान भी लगातार 31 डिग्री तक पहुंच रहा था। ऐसे में गर्मी की वजह से लोगों का कंठ भी प्यास से सूखने लगा। बारिश नहीं होने और नदियों में लगातार घटते जलस्तर की वजह से भी मौसम में असमानता बनी हुई थी। मगर अचानक हल्की हवाओं के बाद बूंदाबांदी ने मौसम खुशनुमा बना दिया। शहर की सड़कें भी बारिश के पानी से भीग गई और राहगीरों ने भी बूंदाबांदी के बीच सफर का खूब आनंद लिया। मौसम में इस बदलाव से चिकित्सकों का मानना है कि ये बीमारियों के संक्रमण के लिए उपयुक्त समय है। ऐसे में कोरोना के साथ-साथ मौसमी बीमारियों का प्रकोप भी बढ़ेगा, इसलिए लोग अपनी सेहत का ख्याल रखें और हिदायतों की पालना करें।