नागरिक अस्पताल में शवगृह के बाहर खडे मृतक के परिजन।
बवानीखेड़ा(भिवानी)। बवानीखेड़ा-तोशाम रोड से आधा किलोमीटर दूर भुरटाना-बलियाली माइनर के पास खेत में बने कुएं के अंदर बरामद हुए युवक के शव की बुधवार को जिला नागरिक अस्पताल में शिनाख्त हो गई। मृतक ओमप्रकाश (42) महेंद्रगढ़ के डालनवास गांव का रहने वाला था और राजस्थान के पीपली स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र से अचानक लापता हो गया था। बुधवार को बवानीखेड़ा पुलिस ने शव का चिकित्सकों के बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया। वहीं मृतक के चाचा के बयान दर्ज कर इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ हत्या और शव को खुर्द बुर्द करने का केस दर्ज किया है। पुलिस अब हत्या के बाद कुएं में शव फेंकने तक की हिस्ट्री खंगालने में जुटी है।
बवानीखेड़ा पुलिस को दिए बयान में गांव डालनवास सतनाली जिला महेंद्रगढ़ निवासी वेदप्रकाश ने बताया कि उसके भाई रामसिंह का लड़का ओमप्रकाश खुली मजदूरी करता था और नशे का आदी था। जिसका नशा छुड़वाने के लिए ज्योति फाउंडेशन नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र पीपली राजस्थान में दाखिल कराया था। कुछ दिन पहले उन्हें पता चला था कि उसका भतीजा ओमप्रकाश नशा मुक्ति केंद्र से उनको बिना बिताए वहां से निकल गया है। वह इधर-उधर घूमता रहा। ओमप्रकाश करीब दस दिन पहले गांव माजरा दुबलधन में नशा मुक्ति केंद्र में बंद एक लड़के के पास भी गया था। वहां से वापस आने के बाद भिवानी में अपने बच्चों के पास भी गया था। वहां से भी वापस आने के बाद उन्हें नहीं पता फिर कहां गया था। मृतक की जेब से बवानीखेड़ा पुलिस को नशा मुक्ति केंद्र का फोन नंबर मिला था। इसके आधार पर बवानीखेड़ा पुलिस ने मृतक के परिजनों तक संपर्क साधा। बुधवार को मृतक के परिजनों ने नागरिक अस्पताल के शव गृह में ओमप्रकाश के शव की शिनाख्त कर दी।
तेजधार हथियार से की गई हत्या, फिर शव कुएं में फेंका
पोस्टमार्टम के दौरान तथ्य सामने आए कि ओमप्रकाश की तेजधार हथियार से हत्या की गई थी। उसके शरीर पर कई तेजधार हथियार के निशान मिले हैं। वहीं शव मिलने से करीब तीन दिन पहले ही उसकी हत्या की आशंका है। शव को कुएं में फेंकने के बाद उस पर ऊपर से पराली भी डाली गई थी। बदबू आने पर कुएं में शव का पता लगा था। पुलिस अब ओमप्रकाश के हत्यारों तक पहुंचने से पहले यह भी तथ्य जुटाने में लगी है कि आखिर उसकी हत्या कहां की थी और शव को खुर्दबुर्द करने के लिए उसे यहां तक कैसे लाया गया था।
कुएं से बरामद हुए शव की बुधवार को डालनवास निवासी ओमप्रकाश के रूप में हुई है। शव का भिवानी के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। मृतक के चाचा की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या और शव को खुर्द बुर्द किए जाने का केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है, जल्द हत्यारों का पता लगा लिया जाएगा।
-संजय कुमार, एसएचओ बवानीखेड़ा पुलिस थाना।