डीजी हेल्थ से पंचकूला में मुलाकात के बाद नर्सिंग स्टाफ एसोसिएशन राज्य पदाधिकारियों ने 28 दिसंबर की दो घंटे की सांकेतिक हड़ताल को वापस ले लिया है। बुधवार को पंचकूला में नर्सिंग स्टाफ एसोसिएशन की राज्य प्रधान निर्मल ढांडा, सचिव संतोश अहलावत, चेयर पर्सन सुनीता, कोषाध्यक्ष नरेश, उप प्रधान कुलदीप बल्हारा, कमलजीत, नीलम गोल्डी, प्रदीप ने डीजी हेल्थ डॉ रणदीप पूनिया से मुलाकात की।
दरअसल, नर्सिंग स्टाफ एसोसिएशन पदाधिकारियों ने प्रदेशभर में जिला स्तर पर सीएमओ व पीएमओ के माध्यम से 28 दिसंबर को सुबह दस बजे से दोपहर 12 बजे तक दो घंटे सांकेतिक हड़ताल का अल्टीमेटम दिया था। इसके बाद बुधवार को पंचकूला में राज्य कार्यकारिणी पदाधिकारियों ने डीजी हेल्थ से मुलाकात की। राज्य प्रधान निर्मल ढांडा ने बताया कि डीजी हेल्थ ने उनकी मांगों पर आश्वासन दिया है कि 7200 रुपये और ग्रुप बी की मांग को जल्द पूरा किया जाएगा। इसके लिए मुख्यालय ने 15 दिन का समय मांगा है। उन्होंने इसके बाद अपने दो घंटे की सांकेतिक हड़ताल के निर्णय को वापस लिया है। अगर इस अवधि में उनकी मांग पूरी नहीं होती है तो फिर से आंदोलन करेंगे।