फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: लोहारू बार में अधिवक्ताओं को मिलेगी बेहतर कार्यस्थल की सुविधा, नए अतिरिक्त चैम्बरों का शिलान्यास

Wed, 11 Nov 2026 01:17 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
विज्ञापन
कार्यक्रम के दौरान मंच पर मौजूद जस्टिस व अन्य अतिथि
विज्ञापन
लोहारू। बार एसोसिएशन के लिए मंगलवार का दिन महत्वपूर्ण रहा, जब पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट एवं जिला भिवानी के प्रशासनिक न्यायाधीश जस्टिस कुलदीप तिवारी, पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय की बिल्डिंग कमेटी के अध्यक्ष जस्टिस हरसिमरन सिंह सेठी तथा पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस विनोद शर्मा भारद्वाज ने लोहारू न्यायिक परिसर में अधिवक्ताओं के लिए बनाए जाने वाले नए अतिरिक्त चैंबरों की आधारशिला रखी। इस अवसर पर तीनों न्यायाधीशों ने न्यायिक परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। लोहारू पहुंचने पर बार एसोसिएशन की ओर से न्यायाधीशों का स्वागत किया।
विज्ञापन


जस्टिस कुलदीप तिवारी ने कहा कि लोहारू क्षेत्र के गांव कुड़ल की धरा धन्य है, जिसने कुलदीप शर्मा भारद्वाज जैसे विलक्षण प्रतिभा के धनी न्यायाधीश को जन्म दिया, जो न्यायपालिका में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उनका उदाहरण युवा अधिवक्ताओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि जीवन में लक्ष्य निर्धारित करके कड़ी मेहनत और लगन के बल पर कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। देश के मुख्य न्यायाधीश भी हरियाणा प्रदेश के एक छोटे से गांव से निकलकर इस सर्वोच्च पद तक पहुंचे हैं। उन्होंने युवा अधिवक्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि आकाश की कोई सीमा नहीं होती, इसलिए उन्हें बड़े सपने देखने चाहिए और उन्हें साकार करने के लिए पूरी मेहनत करनी चाहिए। जस्टिस कुलदीप तिवारी ने लोहारू बार एसोसिएशन की ओर से रखी गई मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने तथा उनकी व्यवहारिकता और संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर जस्टिस विनोद शर्मा भारद्वाज ने कहा कि लोहारू बार में पहुंचकर वे स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाई कोर्ट में न्यायाधीश के रूप में अपनी जिम्मेदारियों के साथ-साथ वे लोहारू बार एसोसिएशन के प्रतिनिधि के रूप में भी अधिवक्ताओं के हितों को महत्व देते हैं। उन्होंने अधिवक्ताओं को भरोसा दिलाया कि वे उनके हितों के प्रहरी के रूप में हमेशा सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि नए अतिरिक्त चैंबरों का निर्माण होने से विशेष रूप से युवा अधिवक्ताओं को अपने कार्यों के संचालन में बेहतर सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही उनके पास आने वाले मुवक्किलों को भी बैठने के लिए सुविधाजनक और बेहतर स्थान उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने बार एसोसिएशन की ओर से चैंबरों के निर्माण के लिए अतिरिक्त भूमि उपलब्ध करवाने की मांग को पूरा करवाने के लिए भरपूर प्रयास करने का आश्वासन दिया। जस्टिस हरसिमरन सिंह सेठी ने कहा कि लोहारू में नए चैंबरों का निर्माण जल्द पूरा होने की उम्मीद है, जिससे यहां के अधिवक्ताओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि न्यायाधीश कोई भगवान नहीं होते, बल्कि वे भगवान की ओर से सौंपी गई जिम्मेदारी का निर्वहन करने वाले सामान्य इंसान हैं। न्यायिक अधिकारियों की तरह ही अधिवक्ताओं के लिए भी अच्छे और सुविधाजनक चैंबरों का होना आवश्यक है, ताकि उन्हें कार्य करने के लिए बेहतर वातावरण मिल सके। कार्यक्रम के दौरान लोहारू बार एसोसिएशन के प्रधान अनिल कादयान ने न्यायाधीशों के समक्ष बार की विभिन्न मांगें रखते हुए भिवानी न्यायालय में रखे गए वर्ष 2002 से पहले के रिकॉर्ड तथा राजस्व रिकॉर्ड को लोहारू में उपलब्ध करवाने और अधिवक्ताओं के लिए चैंबरों के निर्माण हेतु अतिरिक्त भूमि दिलवाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं के उपलब्ध होने से लोहारू के अधिवक्ताओं को अपने कार्यों में काफी सहूलियत मिलेगी। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता शीशराम ने न्यायाधीशों का स्वागत किया। लोहारू बार एसोसिएशन की ओर से तीनों न्यायाधीशों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में जिला एवं सत्र न्यायाधीश भिवानी गगनदीप सिंह कौर, लोहारू के एसीजेएसडी देवेंद्र सिंह, एसडीएम मनोज दलाल, एडवोकेट राहुल श्योराण, सुनील श्योराण, राजेश भारद्वाज, संजय श्योराण, रामकुमार पावड़िया, शीशराम, करण सिंह पूनिया उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें