भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से राष्ट्रीय साधन व योग्यता छात्रवृत्ति योजना परीक्षा नवंबर का आयोजन 17 नवंबर (रविवार) को किया जाएगा। इस परीक्षा में 48543 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के प्रवेश-पत्र छह नवंबर से बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in एवं एससीईआरटी गुरुग्राम हरियाणा की वेबसाइट scertharyana.gov.in पर उपलब्ध होंगे।
बोर्ड प्रवक्ता ने बताया कि इस परीक्षा से संबंधित परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र छह नवंबर से लाइव किए जा रहे हैं। पात्र परीक्षार्थी अपना आधार नंबर व जन्म तिथि भरकर अपना प्रवेश-पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षार्थी प्रवेश-पत्र पर दिए गए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़कर व समझकर उनका पालन करना सुनिश्चित करें।
सुशीला एवं राकेश स्मृति पुरस्कार के लिए बोर्ड की वेबसाइट पर कर सकते हैं आवेदन
भिवानी। सुशीला एवं राकेश स्मृति पुरस्कार के लिए अध्यापक व अध्यापिकाएं 29 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर उपलब्ध वेब एप्लीकेशन लिंक से आवेदन किया जा सकता है।
बोर्ड प्रवक्ता ने बताया कि परीक्षाओं की शुचिता बनाए रखने के लिए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा प्रत्येक वर्ष नकल उन्मूलन अभियान में अहम भूमिका निभाने वाले जिला स्तर पर एक अध्यापिका एवं एक अध्यापक को क्रमश: सुशीला एवं राकेश स्मृति पुरस्कार से सम्मानित किया जाता है। शैक्षणिक सत्र 2022-23 की सेकेंडरी, सीनियर सेकेंडरी, डीएलएड की परीक्षाओं के लिए सुशीला एवं राकेश स्मृति पुरस्कार के लिए जिला स्तर पर एक अध्यापक एवं एक अध्यापिका का निर्धारित मानदंड अनुसार चयन किया जाना है। नकल उन्मूलन में अहम भूमिका निभाने, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले संबंधित अध्यापक एवं अध्यापिकाएं 29 नवंबर तक बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध वेब एप्लीकेशन लिंक से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। निर्धारित तिथि उपरांत किसी प्रकार के आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।