भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की दसवीं और बारहवीं शैक्षिक एवं मुक्त विद्यालय (नियमित व स्वयंपाठी) वार्षिक परीक्षा फरवरी-मार्च 2026 के प्रवेश-पत्र मंगलवार से बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर जारी किए जाएंगे। प्रदेशभर में 1421 परीक्षा केंद्रों पर करीब 5,66,400 परीक्षार्थी इन परीक्षाओं में शामिल होंगे।
दसवीं (शैक्षिक व मुक्त विद्यालय) नियमित और स्वयंपाठी की वार्षिक परीक्षाएं 26 फरवरी से 20 मार्च तक संचालित होंगी जबकि सीनियर सेकेंडरी (बारहवीं) की परीक्षाएं 25 फरवरी से एक अप्रैल तक आयोजित की जाएंगी। सभी परीक्षाएं दोपहर 12:30 बजे से 3:30 बजे तक होंगी। बोर्ड सचिव मुनीश शर्मा ने बताया कि दसवीं और बारहवीं शैक्षिक तथा मुक्त विद्यालय वार्षिक परीक्षाओं के प्रवेश-पत्र मंगलवार से वेबसाइट पर लाइव रहेंगे। सभी विद्यालय मुखिया अपने यूजर आईडी और पासवर्ड से लॉगिन कर आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए विद्यालय में अध्ययनरत परीक्षार्थियों के प्रवेश-पत्र ए-4 साइज पेपर पर रंगीन प्रिंट के रूप में डाउनलोड करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि यदि किसी परीक्षार्थी के विवरण में त्रुटि पाई जाती है तो संबंधित विद्यार्थी मूल दस्तावेज और निर्धारित शुद्धि शुल्क के साथ बोर्ड कार्यालय में उपस्थित होकर आवश्यक संशोधन करवा सकता है। सभी परीक्षार्थी प्रवेश-पत्र पर अंकित दिशा-निर्देशों का पालन करना सुनिश्चित करें।