सब्जीमंडी के सामने नगर परिषद की जगह पर रेहड़ी, अस्थायी रसोई बनाकर कब्जा किए लोगों को बृहस्पतिवार को परिषद कर्मचारियों ने खदेड़ दिया। जगह खाली कराने के बाद जेसीबी से निर्माण गिराये और तारबंदी की। सब्जीमंडी के मुख्य गेट के सामने नप की खाली जगह पर लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा था। कई वर्षों से यहां कब्जा था। करीब 15 से 20 रेहड़ी चालक यहां अपनी रेहड़ियां लगाते हैं तो कुछ ने अस्थायी रसोई बना रखी थी। अस्थायी रसोई के लिए कुछ पक्के निर्माण भी कर रखे थे।
नगर परिषद कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार शाम अभियान चलाकर पूरी जगह खाली करवाई। सभी रेहड़ी दुकानदारों को वहां से खदेड़, जो भी पक्के निर्माण बना रखे थे, उन्हें जेसीबी मशीन से तोड़ जगह को समतल कर दिया। इतना ही नहीं जगह के चारों ओर तारबंदी भी की गई ताकि दोबारा यहां कोई कब्जा न करे। अभियान में जुटे कर्मचारियों ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर जगह खाली करवाई गई है और तारबंदी की गई है।
सरकारी स्कूल में अभद्र व्यवहार के कारण दो छात्राओं व एक छात्र को स्कूल से बाहर निकाल दिया गया। उनके परिजनों को बुलाकर उनके समक्ष ही तीनों को स्कूल लिविंग सर्टिफिकेट दे दिए गए।
मामला शहर के ही एक सरकारी स्कूल का है। यहां तीन विद्यार्थियों जिनमें दो छात्राएं व एक छात्र ने आपस में अभद्र व्यवहार किया। अभद्र व्यवहार की सूचना स्कूल हैडमास्टर तक पहुंची तो उन्होंने तीनों बच्चों के परिजनों को बुलाया। लंबी बातचीत के बाद तीनों विद्यार्थियों को स्कूल से निकाल दिया गया। उनका भविष्य खराब न हो इसके लिए तीनों विद्यार्थियों को स्कूल लिविंग सर्टिफिकेट भी दिया गया। जिसके सहारे वे किसी भी अन्य स्कूल में प्रवेश पा सकेंगे। मामले में स्कूल हैडमास्टर युद्धवीर सिंह ने बताया कि अभद्र व्यवहार के कारण तीन विद्यार्थियों को स्कूल लिविंग सर्टिफिकेट देकर निकाला गया है। तीनों विद्यार्थी स्कूूल का माहौल बिगाड़ रहे थे।