तोशाम। डाडम खनन क्षेत्र में एक जनवरी को पहाड़ खिसकने से हुए हादसे के मामले में वीरवार को एडीजीपी संदीप खिरवार ने घटनास्थल का दौरा कर खनन एरिया का मुआयना किया। वह अब मामले की जांच के लिए पुलिस अधिकारियों के साथ मंथन करेंगे। उनके साथ एसपी अजीत सिंह शेखावत, डीएसपी मनोज कुमार, थाना प्रभारी सुखबीर सिंह सहित पुलिस के विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।
बता दें कि नए सान कि पहले दिन एक जनवरी को तोशाम के डाडम खनन क्षेत्र में एक पहाड़ खिसक गया था। पहाड़ के मलबे में दबने से पांच लोगों की मौत हो गई थी और दो घायल हुए थे। घटना को लेकर प्रदेश स्तर के अनेक नेता व अधिकारी घटनास्थल का दौरा कर चुके हैं। इस मामले की जांच के लिए उपायुक्त ने एडीसी राहुल नरवाल के नेतृत्व में कमेटी और पुलिस अधीक्षक ने डीएसपी सिवानी मनोज कुमार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन भी किया हुआ है। हाल ही में प्रदेश सरकार के द्वारा रिटायर्ड आईएएस एसएस प्रसाद के नेतृत्व में आठ सदस्यीय जांच कमेटी का गठन भी किया है।
उधर, खान सुरक्षा विभाग गाजियाबाद की टीम भी जांच कार्य में जुटी हुई है। इसके अलावा राजस्व विभाग सहित खनन विभाग व वन विभाग के द्वारा भी सर्वे किया जा रहा है। राजस्व विभाग द्वारा पूरे पहाड़ी क्षेत्र का सर्वे कर पहाड़ व खेतों का एरिया निकाला जा रहा है। इसी बीच वीरवार को एडीजीपी संदीप खिरवार घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने एसपी से पूरी स्थिति को जाना।
मामले की जांच बारीकी और जल्द करने के दिए निर्देश
एडीजीपी संदीप खिरवार ने स्थानीय पुलिस अधिकारियों से अब तक की गई जांच की जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस मामले की जांच बारीकी से होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जांच में तेजी लाई जाए। इस पर अधिकारियों ने उनको अवगत कराया कि मामले की सही जानकारी के लिए खनन और खान सुरक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट मंगवाई गई है। वहां से रिपोर्ट आने के बाद ही कई मामलों में सही जानकारी हो पाएगी।
खनन क्षेत्र का दौरा कर घटनास्थल का जायजा लिया है। यहां बहुत ही बारीकी से जांच करने की जरूरत है। यही निर्देश स्थानीय अधिकारियों को दिए गए हैं। मामले की जांच पूरी तरह निष्पक्ष की जाएगी। कानून की नजर में जो दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी। - संदीप खिरवार, एडीजीपी