तोशाम। स्पेशल स्टाफ ईशरवाल की टीम ने अवैध हथियार सप्लाई करने के मामले में शुक्रवार को आरोपी बलियाली निवासी महेंद्र को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को गांव बापोड़ा से काबू किया गया जिसने पूछताछ में खुलासा किया कि उसने कपिल को पांच हजार रुपये में अवैध हथियार बेचा था। स्पेशल स्टाफ ईशरवाल की टीम ने 25 सितंबर को तोशाम क्षेत्र से रामपुरा निवासी कपिल को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया था।
उसके कब्जे से एक देसी पिस्तौल और दो कारतूस बरामद हुए थे। पूछताछ में कपिल ने खुलासा किया था कि उसने यह हथियार महेंद्र से खरीदा था। इस संबंध में पुलिस ने कपिल के खिलाफ थाना तोशाम में शस्त्र अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी।
स्पेशल स्टाफ ईशरवाल के जांच अधिकारी प्रदीप कुमार की टीम ने आरोपी महेंद्र को गांव बापोड़ा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर एक दिन का रिमांड हासिल किया। रिमांड के दौरान उससे अवैध हथियार की खरीद-फरोख्त और सप्लाई के संबंध में पूछताछ की गई।
इसमें महेंद्र ने स्वीकार किया कि उसने उक्त हथियार कपिल को पांच हजार रुपये में बेचा था। रिमांड अवधि पूरी होने पर रविवार को आरोपी को दोबारा न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए।