भिवानी। थाना साइबर क्राइम पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 20.50 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी के मामले में पांच जून को जयपुर निवासी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी चरचील राजस्थान के जयपुर स्थित कीर्ति नगर का निवासी है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
भिवानी निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि अज्ञात आरोपियों ने टेलीग्राम के माध्यम से उससे संपर्क किया और स्वयं को शेयर मार्केट में निवेश का विशेषज्ञ बताते हुए अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा दिया। आरोपियों ने उसे विभिन्न बैंक खातों में अलग-अलग ट्रांजेक्शनों के माध्यम से कुल 20 लाख 50 हजार रुपये निवेश करवाए। इसके बाद न तो उसे कोई मुनाफा दिया गया और न ही उसकी निवेश की गई राशि वापस की गई।
थाना साइबर क्राइम के जांच अधिकारी रफीक ने बताया कि मामले की जांच के दौरान पांच जून को एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी बैंक खाते का धारक है और उसने साइबर धोखाधड़ी में प्रयुक्त अपना बैंक खाता अन्य आरोपियों को उपलब्ध करवाया था। इसके बदले आरोपी को एक लाख रुपये प्राप्त हुए थे।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है तथा मामले में अन्य आरोपियों की संलिप्तता को लेकर जांच जारी है।