भिवानी। नगर योजनाकार विभाग में कार्यरत पटवारी मुकेश को बुधवार को हिसार की एसीबी की टीम ने लघु सचिवालय भिवानी से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पटवारी गांव तिगड़ाना निवासी एक व्यक्ति से भूमि की एनओसी देने के लिए 30,000 रुपये की रिश्वत मांग कर रहा था। टीम ने आरोपी पटवारी को रंगे हाथ रिश्वत लेते काबू किया। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत केस दर्ज हुआ है।
भिवानी जिले के गांव तिगड़ाना निवासी कपिल ने हिसार एसीबी को शिकायत दी थी। उसने आरोप लगाया था कि उसने गांव तिगड़ाना में कृषि भूमि की एनओसी के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। लेकिन उसकी एनओसी नहीं दी गई। इस पर पटवारी ने कुछ आपत्ति दर्ज करा दी। कपिल का आरोप है कि मुकेश पटवारी द्वारा उसके दोस्त दीपक के पिता भीष्म व उसके परिवार के सदस्यों को जमीन बेचने के संबंध में डीटीपी कार्यालय भिवानी से एनओसी जारी करने की एवज में 30,000 रुपये की मांग की गई थी।
इस शिकायत पर एसीबी हिसार टीम द्वारा शिकायतकर्ता गांव तिगड़ाना निवासी कपिल को साथ लेकर आरोपी मुकेश पटवारी को भिवानी के नगर योजनाकार कार्यालय लघु सचिवालय परिसर से रंगे हाथ रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो हिसार में धारा 7 भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम 1988 के तहत केस दर्ज किया गया है।