सीबीएलू घेराव के दौरान नारेबाजी करते एबीवीपी संगठन के छात्र। विज्ञप्ति
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने मंगलवार को विद्यार्थियों की मांगो के समाधान के लिए चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय (सीबीएलयू) का घेराव किया। इस दौरान एबीवीपी जिला संयोजक आशु पालुवास के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने वीसी कार्यालय के समक्ष परीक्षा ब्रांच का पुतला फूंका और परीक्षाओं से जुड़ी समस्याओं के जल्द समाधान किए जाने की मांग की।
एबीवीपी जिला संयोजक आशु पालवास व छात्र नेता प्रवीण गोलागढ़ ने कहा कि विद्यार्थियों का रिजल्ट घोषित करवाने, परीक्षाओं से संबंधित समस्याओं को दूर करवाने सहित छात्रों की अन्य समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर उन्होंने सीबीएलयू का घेराव किया है और एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया कि यदि एक सप्ताह में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार को ताला जड़ दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बहुत से विद्यार्थी ऐसे हैं, जिनका रिजल्ट अब तक घोषित नहीं किया गया है। इसके साथ ही परीक्षाओं से जुड़ी बहुत सी समस्याएं हैं, जिसको लेकर विद्यार्थी बार-बार अधिकारियों से मिलते हैं। लेकिन समस्या का हल नहीं किया जाता है। इस मौके पर प्रांत विश्वविद्यालय सह कार्य प्रमुख परविंद्र सिंह, विभाग संयोजक राहुल वर्मा, सोनू तिगड़ाना, अमर सांगवान, अनुज राव, सचिन सैनी, रोहित सिंगला, प्रशांत चांग, शुभम धनाना, सागर चांग सहित अनेक छात्र मौजूद रहे।