ठिठुरन भरी ठंड में अलाव पर हाथ सेंकते लोग। संवाद
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। हवा में अभी प्रदूषण के बादल नहीं छंटे हैं, जबकि सुबह धुंध गहराने की वजह से ठंड भी बढ़ रही है। न्यूनतम तापमान चार डिग्री के आसपास पहुंच रहा है, जबकि अधिकतम तापमान भी 19 डिग्री के आसपास है। खेतों में ओस की बूंदों से फसलों को फायदा हो रहा है। वहीं, मौसम में बढ़ी ठिठुरन ने लोगों को अलाव का सहारा लेने पर मजबूर कर दिया है।
मंगलवार को एक्यूआई 294 रहा। अब भी भिवानी येलो जोन में हैं। अगर एक्यूआई चार से छह अंक और बढ़ा तो फिर से रेड जोन में शामिल हो जाएगा। यानी हवा में प्रदूषण से कोई राहत नहीं है। वहीं मंगलवार को न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री दर्ज किया। वहीं अधिकतम तापमान 19.1 रहा। मौसम विभाग के अनुसार 26 व 27 को मौसम में परिवर्तन होगा। इन दो दिनों में आसमान में बादल छाए रहेंगे और कहीं कहीं पर बूंदाबांदी के आसार भी बताए गए हैं, जबकि बुधवार को भी आसमान में बादल घिरेंगे। जिससे दोपहर तक ही धूप निकलने की उम्मीद है।
पर्याप्त सिंचाई करें किसान
कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि इस समय मौसम में धुंध गेहूं की फसल के लिए बहुत जरूरी है, जबकि किसान अपनी फसलों को पाले से बचाव के लिए भी खासतौर पर प्रबंध करें। कृषि विशेषज्ञों ने बताया कि किसान खेत में पाले से बचाव के लिए पर्याप्त सिंचाई करें।