शिव कॉलोनी स्थित घर के मुख्य गेट पर चढ़ता चोर।
भिवानी। डीसी कॉलोनी रोड स्थित शिव कॉलोनी में शुक्रवार सुबह एक अधिवक्ता के घर चोरी की नियत से घुसे युवक को परिवार ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। यह वारदात सुबह करीब पौने पांच बजे की है जो घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना सदर थाना से थोड़ी दूरी पर हुई।
शिव कॉलोनी निवासी एडवोकेट आदित्य कौशिक ने बताया कि वे 30 अक्तूबर की रात अपने परिवार के साथ घर पर थे। शुक्रवार सुबह पौने पांच बजे घर के अंदर किसी की आहट सुनाई दी तो उन्होंने बाहर निकलकर देखा कि एक युवक मुख्य गेट फांदकर घर में दाखिल हो चुका था। जब उन्होंने उसे पकड़ने की कोशिश की तो आरोपी ने धमकी दी कि उसके साथ और लोग हैं और आगे बढ़े तो जान से हाथ धो बैठोगे।
आदित्य कौशिक ने चोर-चोर का शोर मचाया जिसके बाद परिवार के अन्य सदस्य भी जाग गए और सभी ने मिलकर आरोपी को धर दबोचा। इसके बाद डायल 112 पर सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी। परिवार ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर चोरी की नियत से घर में घुसे आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।