तोशाम। केबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि तोशाम में अत्याधुनिक तकनीक से हाई-टेक ई-लाइब्रेरी का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह डिजिटल लाइब्रेरी इलाके के विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं के लिए आधुनिक अध्ययन सुविधाओं का नया द्वार खोलेगी और शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने बताया कि ई-लाइब्रेरी में सैकड़ों विद्यार्थियों के एक साथ अध्ययन की क्षमता होगी। इसमें एयरकंडीशन सुविधा, हाई-स्पीड इंटरनेट, फायर फाइटिंग सिस्टम, आरामदायक फर्नीचर, मेजेनाइन फ्लोर, ग्रुप डिस्कशन चेंबर्स और ऑडियो–विजुअल रूम जैसी आधुनिक व्यवस्थाएं होंगी।
फिजिकल पुस्तकों के साथ डिजिटल सेक्शन में ई-बुक्स और ऑनलाइन स्टडी मटीरियल उपलब्ध रहेगा। लाइब्रेरी में भारतीय इतिहास, संस्कृति, सामान्य ज्ञान, विज्ञान और समसामयिक विषयों से जुड़े संसाधनों पर विशेष फोकस होगा। ऑडियो–विजुअल सेशन्स के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और इतिहास की संरचित समझ विकसित करने का अवसर मिलेगा।
मंत्री ने कहा कि परियोजना पूर्ण होने के बाद परिसर में गार्डन, कैंटीन और अन्य सुविधाओं का विकास भी किया जाएगा। यह लाइब्रेरी राज्यसभा सदस्य किरण चौधरी के मार्गदर्शन में पुराना तहसील परिसर की जमीन पर बनाई जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि तोशाम और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए माइनरों की सफाई कर स्वच्छ पानी डाला जा रहा है ताकि लोगों को पेयजल की समस्या न रहे।