भिवानी। महम रोड स्थित श्री गोशाला ट्रस्ट भिवानी में डेढ़ करोड़ की लागत से आधुनिक ऑपरेशन थियेटर का निर्माण किया जाएगा। नए थियेटर में सड़क हादसों में घायल गोवंश और गायों का उपचार करने से पहले एक्सरे और अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अलावा गंभीर शल्य चिकित्सा के लिए आधुनिक उपकरण भी मुहैया कराए जाएंगे, जिससे समय रहते पशुओं की जान बचाई जा सके।
गोशाला परिसर में राजकीय पशु चिकित्सालय के समीप ही जगह चिह्नित की गई है। महम रोड की गोशाला में फिलहाल चार हजार से अधिक गायों का संरक्षण और संवर्धन किया जा रहा है। हर साल करीब छह हजार से अधिक गाय और गोवंश सड़क हादसों का शिकार हो जाते हैं। समय पर उपचार न मिलने के कारण कई जानवर अपने अंग गंवा देते हैं या दम तोड़ देते हैं।
ऑपरेशन थियेटर में गंभीर रूप से बीमार या घायल पशुओं की तत्काल शल्य चिकित्सा संभव होगी। इसके साथ ही एक्सरे और अल्ट्रासाउंड मशीनें स्थापित की जाएंगी। जांच के लिए अलग लैब भी तैयार की जाएगी, जहां खून और मूत्र जांच के जरिए बीमारियों का समय पर पता लगाया जा सकेगा।
आंधी-धुंध और अपंग पशुओं के लिए अलग बैरक
श्री गोशाला ट्रस्ट की गोशाला में अंधी और अपंग गायों के लिए अलग बैरक बनाए जाएंगे। इसके लिए लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से शेड का निर्माण किया जाएगा। सामान्य गोवंश के साथ रहने पर अंधी और दिव्यांग गायों को चोट पहुंचने और चारा न खाने जैसी समस्याएं आती हैं। प्रत्येक बैरक में केवल एक गाय को रखा जाएगा और चारा-पानी की सुविधा वहीं उपलब्ध कराई जाएगी। सर्दी और धुंध के मौसम में सबसे अधिक बेसहारा पशु सड़क हादसों में घायल होते हैं। ऐसे गंभीर चोटिल पशुओं की शल्य चिकित्सा कर अंगों को बचाना और जीवन रक्षा करना जरूरी है। भिवानी में फिलहाल ऐसा कोई ऑपरेशन थियेटर नहीं है, जहां एक्सरे, अल्ट्रासाउंड और शल्य चिकित्सा की आधुनिक सुविधाएं एक ही जगह उपलब्ध हों। गोशाला ट्रस्ट के प्रयास बेसहारा गोवंशों को नया जीवन देने के लिए कारगर कदम साबित होंगे।
महम रोड स्थित श्री गोशाला ट्रस्ट के बीड सेंटर और गुजरानी गोशाला में नए शेड का निर्माण कराया जाएगा। अपाहिज, घायल और बीमार गोवंश को सामान्य गोवंश से अलग रखा जाएगा। महम रोड गोशाला में राजकीय पशु चिकित्सालय के समीप ऑपरेशन थियेटर का निर्माण प्रस्तावित है, जिसमें एक्सरे, अल्ट्रासाउंड और लैब की सुविधा दी जाएगी। यहां घायल पशुओं की समय पर शल्य चिकित्सा कर उनका नया जीवन देना संभव होगा। गोशाला ट्रस्ट के सभी पदाधिकारी गोवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए पूरी तन्मयता से कार्य कर रहे हैं।
- मोहनलाल अग्रवाल, अध्यक्ष, श्री गोशाला ट्रस्ट भिवानी